रिटायर्ड आईएएस नियाज खान का बड़ा खुलासा: ब्राह्मणों के नाम पर फर्जी आईडी बनाकर दी जा रही गालियां

रिटायर्ड आईएएस नियाज खान का बड़ा खुलासा: ब्राह्मणों के नाम पर फर्जी आईडी बनाकर दी जा रही गालियां’
अपनी किताब ब्राह्मण द ग्रेट के जरिए दिया संदेश- शिखा, जनेऊ और धोती ही ब्राह्मण की असली शक्ति
भोपाल, यशभारत। रिटायर्ड आईएएस अधिकारी और चर्चित उपन्यासकार नियाज खान एक बार फिर अपने बयानों को लेकर चर्चा में हैं। खान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर दावा किया है कि उन्हें बदनाम करने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के लिए कुछ लोग ब्राह्मणों के नाम पर फर्जी आईडी बनाकर अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे हैं।
हर ब्राह्मण मेरा भाई है
नियाज खान ने अपने ट्वीट में स्पष्ट किया कि वे इन गालियों से विचलित नहीं हैं। उन्होंने लिखा, मुझे गाली देने के लिए अन्य वर्णों के लोगों ने ब्राह्मण के नाम से फर्जी आईडी बना ली है। हर ब्राह्मण मेरा भाई है और एक सच्चा ब्राह्मण कभी अभद्र भाषा का प्रयोग नहीं करेगा।” खान ने आगे कहा कि वे ऐसे लोगों को जवाब देने के बजाय सीधे ब्लॉक कर रहे हैं। उन्होंने ब्राह्मण समाज के प्रति अपना सम्मान व्यक्त करते हुए लिखा कि हजार दोस्तों से अच्छा एक ब्राह्मण काफी है, क्योंकि वे भगवान ब्रह्मा के प्रिय पुत्र हैं।
भौतिकवाद से दूर रहने की सलाह
अपनी चर्चित पुस्तक ब्राह्मण द ग्रेट का जिक्र करते हुए खान ने ब्राह्मण समुदाय को अपनी जड़ों की ओर लौटने का आह्वान किया। उन्होंने लिखा कि भौतिकवाद का मोह ब्राह्मणों के लिए घातक है। खान के अनुसार शिखा (चोटी), जनेऊ, धोती और तिलक ही ब्राह्मण की असली पहचान और शान है। ब्राह्मणों को बिना किसी संकोच के इन पारंपरिक प्रतीकों को धारण करना चाहिए। अर्ध नग्न (आधुनिक छोटे कपड़े) वस्त्र ब्राह्मणों की गरिमा के अनुकूल नहीं हैं।
डोनाल्ड ट्रंप पर तीखा हमला
घरेलू मुद्दों के साथ-साथ नियाज खान ने अंतरराष्ट्रीय राजनीति पर भी कड़ा रुख अपनाया है। एपस्टीन फाइलों का हवाला देते हुए उन्होंने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की आलोचना की। खान ने मासूम बच्चों पर हुए अत्याचारों का जिक्र करते हुए लिखा, “क्या सत्ता किसी पापी को बचा सकती है? मुझे उन अमेरिकियों पर शर्म आती है जिन्होंने इस भ्रष्ट व्यक्ति को चुना।” उन्होंने ट्रंप की संवेदनहीनता पर भी सवाल उठाए।
विवादों से रहा है पुराना नाता
यह पहली बार नहीं है जब नियाज खान अपने विचारों के कारण चर्चा में आए हों। इससे पहले भी वे अपनी किताबों और धर्म व संस्कृति से जुड़े बयानों के कारण सुर्खियों में रहे हैं। फिलहाल, फर्जी आईडी के जरिए उन्हें निशाना बनाए जाने के दावे ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है।







