पशुपालन विभाग की जमीन पर कब्जे के मामले में आज पेश होंगे जवाब

पशुपालन विभाग की जमीन पर कब्जे के मामले में आज पेश होंगे जवाब
– अनंतपुरा-कोकता में 36 लोगों को जारी किए गए हैं नोटिस
भोपाल यशभारत। अनंतपुरा-कोकता क्षेत्र में पशुपालन विभाग की बेशकीमती भूमि पर हुए अतिक्रमण के मामले में गुरुवार को जवाब पेश किए जाएंगे। गोविंदपुरा तहसीलदार सौरभ वर्मा ने इस संबंध में कुल 36 व्यक्तियों को नोटिस जारी किए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि नोटिस के जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाते हैं, तो अवैध निर्माण और कब्जा हटाने की कार्रवाई की जाएगी। पहले चरण में व्यावसायिक (कॉमर्शियल) संपत्तियों पर बुलडोजर चलाने की तैयारी है।

बुधवार को कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह को पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट सौंपी गई। रिपोर्ट में बताया गया कि पशुपालन विभाग की जमीन पर बड़े पैमाने पर अवैध कब्जा हुआ है, जिसमें डायमंड सिटी कॉलोनी के 20 मकान भी शामिल हैं। इसके अलावा, कृषि कार्य के नाम पर 8, कॉलोनी के पहुंच मार्ग के लिए 4 नोटिस दिए गए हैं। वहीं बीपीएस स्कूल, द ग्रीन स्केप मेंशन शादी हॉल/रिसोर्ट, एक हॉस्टल और एक दुकान संचालक को भी नोटिस जारी हुए हैं।
सीमांकन रिपोर्ट के अनुसार, चार कॉलोनियों के गेट, सडक़ और पार्क भी अतिक्रमण की जद में हैं। डायमंड सिटी कॉलोनी में 20 मकानों के अलावा एक प्राइवेट स्कूल, शादी हॉल/रिसोर्ट, 1 एकड़ भूमि पर खेती, फार्महाउस और पक्के निर्माण मिले हैं। 130 डेसीमल भूमि पर अवैध खेती की जा रही थी। दुकानें, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और पेट्रोल पंप नगर निगम के नाम पर दर्ज हैं, लेकिन उनका हिस्सा भी विवादित जमीन पर पाया गया।

बायपास का २०० फीट हिस्सा भी पशुपालन विभग की जमीन पर निकला
रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि बायपास का लगभग 200 फीट हिस्सा भी पशुपालन विभाग की जमीन पर निकला है। ऐसे में संबंधित लोगों और संस्थानों को सरकारी प्रक्रिया के तहत जवाब देने का मौका दिया गया है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि यदि कब्जाधारक पर्याप्त दस्तावेज या वैधता नहीं दिखा पाते हैं, तो नियमानुसार कार्रवाई कर कब्जा हटाया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए यह अभियान व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा। पहले चरण में व्यावसायिक गतिविधियों वाले निर्माण को हटाने के बाद आवासीय अतिक्रमण पर भी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल भी तैनात किया जाएगा।
जवाब लिए जा रहे हैं
जिन लोगों को नोटिस दिए गए हैं उन सभी से जवाब लिये जा रहे हैं, यदि जवाब संतुष्टिपूर्ण नहीं हुए तो अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
– रवीश श्रीवास्तव, एसडीएम, गोविंदपुरा







