एक क्लिक पर पुलिस कर्मियों का सामने आ जाएगा रिकार्ड – ई मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली पोर्टल में अपलोड

एक क्लिक पर पुलिस कर्मियों का सामने आ जाएगा रिकार्ड
– ई मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली पोर्टल में अपलोड
भोपाल यशभारत। आशीष दीक्षित
पुलिस महकमा अब प्रदेश के एक लाख से अधिक पुलिस कर्मियों का रिकार्ड आनलाइन करने जा रहा है। पहली बार इस प्रयोग को करने की तैयारी विभाग ने की है। पुलिस मुख्यालय द्वारा पुलिस कर्मियों से संबंधित सभी जानकारी को मप्र शासन द्वारा विकसित ई मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली पोर्टल में अपलोड कर दिया जाएगा। पुलिसकर्मियों को छुट्टी के लिए फाम, प्रमोशन, या फिर तबादला की फाइल ढूंढने की जरूरत नहीं पड़ेगी। सभी जानकारी एक क्लिक पर पुलिस कर्मियों की जानकारी सामने आ सकेगी। पुलिस मुख्यालय द्वारा पोर्टल व मोबाइल एप के जरिए यह किया जाएगा।
अवकाश प्रबंधन – पुलिसकर्मी अब अवकाश के लिए आनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन की स्थिति, स्वीकृति, या अस्वीकृति की जानकारी तुरंत मोबाइल नोटिफिकेशन के जरिए मिलेगी। इसके अलावा, वार्षिक अवकाश बैलेंस और पिछले अवकाशों का विवरण भी पोर्टल पर उपलब्ध होगा।
प्रमोशन अपडेट – प्रमोशन प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी, जैसे पात्रता, मूल्यांकन, और चयन प्रक्रिया की प्रगति, वास्तविक समय में देखी जा सकेगी। यह सुविधा अफवाहों और गलत सूचनाओं को रोकने में मदद करेगी।
ट्रांसफर की जानकारी – ट्रांसफर आदेश, नई तैनाती का विवरण, और ट्रांसफर प्रक्रिया की स्थिति को ट्रैक करने की सुविधा होगी। पुलिसकर्मी अपने ट्रांसफर से संबंधित दस्तावेज भी डाउनलोड कर सकेंगे। इसके साथ ही वेतन विवरण, पेंशन जानकारी, प्रशिक्षण कार्यक्रम, और पुरस्कारों से संबंधित अपडेट भी इस प्लेटफार्म पर उपलब्ध होंगे।
पुलिस कर्मी भी कर सकेंगे लॉगिन
पुलिसकर्मी अपने यूनिक सर्विस आईडी और पासवर्ड के जरिए लॉगिन कर सकेंगे। एप का इंटरफेस सरल और हिंदी-अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध होगा, ताकि सभी कर्मी इसे आसानी से उपयोग कर सकें। जिन पुलिसकर्मियों के पास स्मार्टफोन नहीं है, वे मध्य प्रदेश पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट का उपयोग कर सकेंगे।
खास बात यह है कि नियमित साइबर आडिट और अपडेट भी किया जाएगा ताकि पुलिस कर्मियों का डाटा सुरक्षित रहेे। पुलिस कर्मियों को अवकाश लेने के साथ ही प्रमोशन तबादला कराने के लिए आला अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़ते हैं जिसके चलते परेशानी का सामना करना पड़ता है।
पुलिस कर्मियों को दिया जाएगा प्रशिक्षण
पुलिस अकादमी भौरी में पुलिस की सभी इकाइयों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरु किया गया है। रुचि वर्धन पुलिस महानिरीक्षक प्रशासन शाखा पुलिस द्वारा इस प्रशिक्षण को शुरु कराया गया है। तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम विनीत तिवारी व तकनीकी टीम द्वारा प्रशिक्षण दिया गया। सभी जिलों में जागरूकता कार्यशालाएं और सहायता डेस्क स्थापित किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में तैनात कर्मी भी इस तकनीक का लाभ उठा सकें। विभाग नियमित प्रशिक्षण और सहायता डेस्क प्रदान करेगा। इनटरनेट की समस्या को दूर करने के लिए आफ लाइन मोड पर भी पुलिस कम्रियों के लिए सहातय केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
आनलाइन सामने आएंगी सभी जानकारी
प्रदेश के सभी पुलिस कर्मियों की सुविधा को देखते हुए यह व्यवस्था शुरु की जा रही है। एक क्लिक के माध्यम से भी जानकारी सामने आ जाएंगी। अवकाश, तबादला व प्रमोशन के साथ ही विभागीय जांच की जानकारी भी मिल सकेंगी।
– रुचिवर्धन मिश्र, पुलिस महानिरीक्षक,
प्रशासन शाखा पुलिस मुख्यालय भोपाल







