रेल वन सुपरऐप ने 8 माह में पार किया 2 करोड़ डाउनलोड का आंकड़ा

रेल वन सुपरऐप ने 8 माह में पार किया 2 करोड़ डाउनलोड का आंकड़ा
भोपाल, यश भारत। भारतीय रेलवे के सुपरऐप रेल वन ने लॉन्च होने के 8 महीने से भी कम समय में 2 करोड़ डाउनलोड का आंकड़ा पार कर लिया है। इसके साथ ही इस माह प्रतिदिन टिकट बुकिंग का आंकड़ा 5 लाख से अधिक पहुंच गया है, जबकि वर्तमान में यह ऐप प्रतिदिन लगभग 6 लाख टिकट बुकिंग की सुविधा प्रदान कर रहा है।
रेल वन ऐप को रेलवे सूचना प्रणाली केंद्र द्वारा विकसित किया गया है। इसका शुभारंभ 1 जुलाई 2025 को रेल मंत्री ने किया था। लॉन्च के बाद से देशभर के रेल यात्रियों के बीच इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। रेल वन एकीकृत डिजिटल मंच के रूप में कार्य कर रहा है, जहां यात्रियों को कई सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो रही हैं। इस ऐप के माध्यम से आरक्षित टिकट बुकिंग, अनारक्षित टिकट बुकिंग, प्लेटफॉर्म टिकट, पीएनआर स्थिति की जानकारी, ट्रेन पूछताछ तथा अन्य यात्री केंद्रित सुविधाएं सहज रूप से प्राप्त की जा सकती हैं।
ऐप की मजबूत संरचना और सरल उपयोग प्रणाली के कारण यात्रियों का विश्वास लगातार बढ़ा है। इसकी परिचालन क्षमता इस बात से स्पष्ट होती है कि प्रतिदिन लाखों यात्री इसके माध्यम से टिकट बुक कर रहे हैं।







