अपहरण और अप्राकृतिक कृत्य करने वाला कुख्यात बदमाश राहुल इंटर पुलिस की गिरफ्त में

अपहरण और अप्राकृतिक कृत्य करने वाला कुख्यात बदमाश राहुल इंटर पुलिस की गिरफ्त में
भोपाल, यशभारत। राजधानी की कोहेफिजा पुलिस ने इलाके में दहशत का पर्याय बन चुके कुख्यात बदमाश राहुल लोहट उर्फ ‘राहुल इंटर’ को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी पर 15,000 रुपये का ईनाम घोषित था। शाहजहानाबाद क्षेत्र की मल्टियों में अपना संगठित गिरोह चलाने वाला यह बदमाश हत्या के प्रयास, अपहरण और फिरौती जैसे करीब 23 गंभीर मामलों में वांछित था। इसकी गिरफ्तारी से पुलिस ने राहत की सांस ली है, क्योंकि फरारी के दौरान भी यह लगातार वारदातों को अंजाम देकर कानून को चुनौती दे रहा था।
बंधक बनाकर की थी हैवानियत
पुलिस के मुताबिक, राहुल इंटर और उसके साथियों ने 31 दिसंबर 2025 को धर्मेंद्र मालवीय नामक व्यक्ति का कोहेफिजा क्षेत्र से अपहरण किया था। आरोपी उसे शाहजहानाबाद स्थित मल्टी के एक कमरे में ले गए, जहां उसे बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया और उसके साथ अप्राकृतिक कृत्य जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम दिया गया। इस घटना के बाद से ही आरोपी पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहा था।
फरारी में भी नहीं थमी गुंडागर्दी
हैरानी की बात यह है कि पुलिस से बचकर भागने के दौरान भी राहुल इंटर ने अपराध का रास्ता नहीं छोड़ा। फरारी काटते समय उसने खजुरी सड़क थाना क्षेत्र में अपने साथियों के साथ मिलकर एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला किया, जिसके बाद उस पर हत्या के प्रयास का एक और मामला दर्ज हुआ। इसके अलावा उसने एक अन्य व्यक्ति के साथ मारपीट कर अड़ीबाजी भी की थी। इलाके के लोगों में इसका इतना खौफ था कि संगठित गिरोह के कारण लोग इसके खिलाफ सामने आने से डरते थे।
घेराबंदी कर दबोचा, गिरोह के साथी पहले ही जेल में
पुलिस आयुक्त संजय सिंह और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अवधेश गोस्वामी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों की मदद से 1 अप्रैल 2026 को घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। सहायक पुलिस आयुक्त अनिल बाजपेई के मार्गदर्शन में कोहेफिजा थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल शुक्ला और उनकी टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल वाहन और हथियार भी बरामद किए हैं। राहुल के गिरोह के तीन प्रमुख सदस्य रूपेश उर्फ फुफ्फू, राहुल दवाडे और रोहित उर्फ शाका पहले ही सलाखों के पीछे भेजे जा चुके हैं।
अपराध की लंबी फेहरिस्त
30 वर्षीय राहुल लोहट का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड बेहद चौंकाने वाला है। उस पर भोपाल के शाहजहानाबाद, कोहेफिजा, बैरागढ़ और खजुरी सड़क जैसे विभिन्न थानों में मारपीट, पॉक्सो एक्ट, आर्म्स एक्ट, अवैध शराब की तस्करी और राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कुल 23 गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।







