केन्द्रीय जेल के बंदी अब बनेंगे फैशन डिजाइनर, सम्हाल सकेंगे डेस्कटॉप
माननीय न्यायमूर्ति विवेक अग्रवाल ने बंदियों के हितार्थ व्यवसायिक पाठ्यक्रम का किया शुभारंभ

जबलपुर, यशभारत। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं केन्द्रीय जेल जबलपुर के संयुक्त तत्वाधान में बंदियों के हितार्थ व्यवसायिक पाठ्यक्रम डेस्कटॉप पब्लिशिंग, आर्क वेल्डिंग, फैशन डिजाईनिंग एवं फेब्रिकेशन का शुभारम्भ माननीय न्यायमूर्ति विवेक अग्रवाल, न्यायाधिपति म.प्र. उच्च न्यायालय जबलपुर अध्यक्ष, म.प्र. उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति जबलपुर के करकमलों से हुआ। माननीय न्यायमूर्ति को जेल अधीक्षक अखिलेश तोमर द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। माननीय न्यायमूर्ति द्वारा सुभाष कक्ष में नेताजी सुभाषचन्द्र बोस की शयिका पर पुष्पांजली अर्पित कर वार्ड का अवलोकन किया गया एवं प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नेताजी को नमन किया गया। तदोपरांत मॉ सरस्वती प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
माननीय न्यायमूर्ति द्वारा जेल में बंदियों को जेल से रिहा होने के बाद पुनर्वास हेतु रोजगारपरख विभिन्न व्यवसायिक प्रशिक्षण प्रारंभ किये जाने के संबंध में बतलाया गया, साथ ही बंदियों को प्रशिक्षण के लिए प्रेरित भी किया गया। सदस्य-सचिव, म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण राजीव कर्महे द्वारा बंदियों के प्रशिक्षण के उद्देश्य पर प्रकाश डाला गया। जेल अधीक्षक अखिलेश तोमर द्वारा जेल में वर्तमान में संचालित प्रशिक्षण व भविष्य में प्रस्तावित प्रशिक्षण के संबंध में अवगत कराया गया। कार्यक्रम में आभार प्रदर्शन अतिरिक्त सचिव, म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण मनोज कुमार सिंह द्वारा किया गया।
जिसके बाद माननीय न्यायमूर्ति ने कोर्स संचालन स्थल पर रिबिन काटकर प्रशिक्षण कार्यक्रम का औपचारिक शुभारम्भ किया गया साथ ही प्रशिक्षण स्थल का निरीक्षण भी किया गया। इस अवसर पर न्यायिक पदाधिकारीगण में आलोक अवस्थी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश जबलपुर, उमाशंकर अग्रवाल रजिस्ट्रार / सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर, जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी, जीएमडीआईसी विनीत कुमार रजक, प्राचार्य कला निकेतन पॉलीटेक्निक कॉलेज डॉ. आर.सी. पाण्डेय, प्राचार्य औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान श्री सुनील ललावत, प्राचार्य महिला पॉलीटेक्निक कॉलेज डी.पी. गुप्ता एवं अन्य उपस्थित रहे।
औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, जबलपुर के माध्यम से आर्क वेल्डिंग प्रशिक्षण, शासकीय कलानिकेतन पॉलीटेकनिक महाविद्यालय जबलपुर के माध्यम से डेस्कटॉप पब्लिशिंग प्रशिक्षण तथा शासकीय महिला कलानिकेतन पॉलीटेकनिक महाविद्यालय जबलपुर के माध्यम से फैशन डिजाईनिंग एवं फ्रेब्रिकेशन प्रशिक्षण प्रारंभ किया गया है। इस अवसर पर जेल उप अधीक्षक मदन कमलेश, जेल चिकित्सक डॉ. लक्ष्मण शाह, उप जेल अधीक्षक श्रीमती रूपाली मिश्रा, सहायक जेल अधीक्षक कुलदीप सिंह, हिमांशु तिवारी, श्रीमती अंजू मिश्रा एवं जेल स्टाफ भी उपस्थित रहें।







