परीक्षा से पहले अव्यवस्था का इम्तिहान: देरी से खुला सेंटर, धूप में परेशान हुए छात्र
सांदीपनि विद्यालय में केंद्र के ताले समय पर नहीं खुले

जबलपुर,यशभारत। मध्य प्रदेश की ‘प्रतिभा सम्मान योजना’ की मेन्स परीक्षा रविवार को जबलपुर में अव्यवस्थाओं के कारण विवादों में घिर गई। प्रदेशभर से पहुंचे सैकड़ों छात्र-छात्राओं को उस समय भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, जब निर्धारित समय के बावजूद परीक्षा केंद्र समय पर नहीं खुला।
जानकारी के अनुसार एडमिट कार्ड में 9:30 बजे एंट्री और 10:00 बजे परीक्षा का समय था, लेकिन अधारताल स्थित सांदीपनि विद्यालय में केंद्र के ताले समय पर नहीं खुले। भीषण गर्मी और उमस में छात्र और अभिभावक घंटों बाहर खड़े रहे। हालात ऐसे बने कि परीक्षा करीब एक घंटे की देरी से सुबह 11:00 बजे शुरू हो सकी। दूर-दराज से आए अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। उनका कहना था कि न तो बैठने की व्यवस्था थी और न ही गर्मी से राहत के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे।
वहीं स्कूल प्रबंधन ने अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते हुए पूरे मामले का कारण परीक्षा समन्वय में गड़बड़ी बताया। प्रिंसिपल के अनुसार प्रश्नपत्र के लिफाफे पर समय 11:00 बजे अंकित था, जबकि अंदर के दस्तावेजों में 10:00 बजे का समय दिया गया था, जिससे भ्रम की स्थिति बनी।इस अव्यवस्था ने न केवल छात्रों का समय बर्बाद किया, बल्कि परीक्षा से पहले ही उन्हें मानसिक तनाव का सामना करना पड़ा। ‘प्रतिभा सम्मान’ के उद्देश्य से आयोजित यह परीक्षा बदइंतजामी के चलते सवालों के घेरे में आ गई है।







