मप्र की राजनीति गरमाई, कमलनाथ-वीडी की बयानबाजी के बाद पवन खेड़ा का बयान- चेहरा नहीं मुद्दों पर कांग्रेस लड़ेगी चुनाव

जबलपुर,यशभारत। मध्यप्रदेश की राजनीति इस समय गरमाई हुई है इसका प्रमुख कारण मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री , वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमलनाथ और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा की जुबानी जंग है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कमलनाथ को सिक्ख दंगों का दोषी बताकर जेल जाने की बात कही थी तो वहीं कमलनाथ ने अनूपपुर के एक कार्यक्रम में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा था कि वीडी अपने काले कारनामे छुपाना चाहते हैं , इसलिए वे इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं। इसके बाद दोबारा वीडी शर्मा ने ट्वीट कर कहा था कि छिंदवाड़ा की जनता का खून चूसकर कैसे वे उद्योगपति बन गए हैं। इसके साथ ही ट्वीट पर एक पोस्ट जारी हुई जिसमें चीन के साथ मिलकर दलाली करने का भी आरोप कमलनाथ पर लगाया गया था।
अभी दोनों नेताओं का मामला शांत भी हुआ था कि एआईसीसी के मीडिया प्रभारी पवन खेड़ा का एक बयान सामने आया है जिसमें उन्होनें कहा है कि कांग्रेस पार्टी इस बार मध्यप्रदेश में जो चुनाव लड़ेगी वो चेहरा आधारित नहीं होगा बल्कि मुद्दों के आधार पर पार्टी चुनाव लड़ेगी। उधर मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी कार्यालय भोपाल से मंगलवार शाम को ट्विटर पर एक पोस्ट जारी हुई है जिसमें कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री पर निशाना साधा गया है। जारी की गई पोस्ट में कहा गया है कि कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने इस्तीफे से पहले मोबाइल घोटाला किया था। जिसका वे जवाब दें। इसके साथ ही पोस्ट में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को कमीशनखोर कमीशननाथ कहा गया है।






