पुलिस भर्ती प्रकिया 30 को, प्रदेश भर से करीब साढ़े 5 हजार युवा आएंगे शहर, मुन्ना भाईयों पर लगाम लगाने रखी गई है कड़ी सुरक्षा

जबलपुर,यशभारत। पुलिस विभाग में रिक्त पड़े पदों के लिए प्रदेश भर में भर्ती प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसी क्रम में रांझी स्थित विशेष सशस्त्र बल, एसएएफ में आगामी 30 सितंबर को संबंधित आवेदकों के दस्तावेजों का सत्यापन व शारीरिक परीक्षण बारीकी से किया जाएगा जिससे मुन्ना भाईयों पर लगाम लग सके। क्योंकि कई बार देखा गया है कि एक के बदले दूसरा परीक्षा देने आ जाता है। ऐसे मुन्ना भाईयों को दबोचने पुलिस विभाग अलर्ट हो गया है।
इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए प्रदेश भर से साढ़े 5 हजार युवा शहर आएंगे। विदित हो कि इसके पूर्व संबंधित अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा अलग-अलग स्थानों पर आयोजित हो चुकी है। जानकारी के अनुसार पुलिस आरक्षक भर्ती का फिजिकल टेस्ट बड़ी सुरक्षा के बीच रांझी स्थित एसएएफ ग्राउंड में 30 सितंबर को होगा जो कि 17 अक्टूबर तक चलेगा। पूरी प्रक्रिया सीसी टीवी कैमरे की निगरानी में होगी। इस दौरान उम्मीद्वार को एडमिट कार्ड से लेकर सारे डॉक्यूमेंट लेकर आना होगा।
कड़ी सुरक्षा के बीच से गुजरना होगा
फिजिकल टेस्ट देने पहुंचे युवाओं को 4 स्तरीय बायोमैट्रिक वैरिफिकेशन से गुजरना होगा जिसमें उनकी आंखों की पुतली, हाथों की अंगुली का फिंगर प्रिंट परीक्षा स्थल पर पहुंचते वक्त लिया जाएगा , इसे उम्मीद्वार के आधार कार्ड से भी क्रॉस चैक किया जाएगा। इसके बाद अभ्यर्थी को टेस्ट के लिए मैदान में भेजा जाएगा। जानकारी के अनुसार पहला इवेंट दौड़, दूसरा लॉंग जंप और तीसरा गोला फेंक होगा।
कुछ इस तरह रहेंगे अंक शामिल
पुलिस आरक्षक भर्ती में लिखित परीक्षा, दौड़, गोला फेंक और लांग जंप के नंबर मिलाकर मैरिट लिस्ट बनाई जाएगी इसी के आधार पर युवाओं का चयन किया जाएगा। जानकारी के अनुसार फिजिकल टेस्ट 30 सितंबर को 100 नंबर का होगा जिसमें दौड़ के 40 नंबर, गोला फेंक के 30 और लांग जंप के 30 नंबर शामिल होंगे।







