पुलिस कमिश्नर का ‘ऑपरेशन क्लीन’: 150 बदमाश जेल भेजे गए, 500 की परेड; अपराधियों में मचा हड़कंप

पुलिस कमिश्नर का ‘ऑपरेशन क्लीन’: 150 बदमाश जेल भेजे गए, 500 की परेड; अपराधियों में मचा हड़कंप
शहर छोड़कर भागे कई कुख्यात, कमिश्नर हरिनारायणाचारी मिश्र ने थानों का किया औचक निरीक्षण
भोपाल, यशभारत। राजधानी में कानून-व्यवस्था को सख्त बनाने और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए पुलिस कमिश्नर हरिनारायणाचारी मिश्र के नेतृत्व में बुधवार को अब तक का सबसे बड़ा और व्यापक अभियान चलाया गया। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से शहर के संगठित अपराधियों और बदमाशों में हड़कंप मच गया, जिसके चलते कई कुख्यात बदमाश शहर छोड़कर फरार हो गए हैं।
150 बदमाश गिरफ्तार, 500 की सघन चेकिंग
बुधवार को चलाए गए इस ‘ऑपरेशन क्लीन’ अभियान के तहत, पुलिस की टीमों ने पूरे शहर में दबिश दी। इस दौरान 150 शातिर और सूचीबद्ध बदमाशों को गिरफ्तार कर सीधे जेल भेज दिया गया। इसके अलावा, पुलिस ने 500 से अधिक अपराधियों को थाने बुलाकर उनकी परेड कराई और गहनता से उनकी आपराधिक गतिविधियों की चेकिंग की। सड़कों पर अचानक बड़ी संख्या में पुलिस बल उतरने से जनता के बीच सुरक्षा का संदेश गया, वहीं अपराधियों के बीच दहशत फैल गई।
कमिश्नर ने रात में किया थानों का निरीक्षण
अभियान की गंभीरता को दर्शाते हुए, पुलिस कमिश्नर हरिनारायणाचारी मिश्र ने बुधवार रात को स्वयं मोर्चा संभाला। उन्होंने हबीबगंज और शाहपुरा थानों का औचक निरीक्षण किया। कमिश्नर ने थानों में रखी गई गुंडा और निगरानी बदमाशों की सूची को बारीकी से जांचा और थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा न जाए।







