भोपालमध्य प्रदेश

पुलिस कमिश्नर ने जहांगीराबाद में किया जनसंवाद, सुरक्षा और साइबर जागरूकता पर दिया जोर

​पुलिस कमिश्नर ने जहांगीराबाद में किया जनसंवाद, सुरक्षा और साइबर जागरूकता पर दिया जोर

​भोपाल, यश भारत। पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल बिठाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के बैंक कॉलोनी में नागरिकों के साथ जनसंवाद किया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्थानीय स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करना और नागरिकों को पुलिस की कार्यप्रणाली के प्रति जागरूक करना था।

​जनसंवाद के दौरान उपस्थित नागरिकों ने क्षेत्र में वर्तमान में किसी भी बड़ी समस्या के न होने की बात कही। पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि पुलिस प्रशासन जनता की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र से जुड़े किसी भी सुझाव या छोटी शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

​नागरिकों को संबोधित करते हुए सीपी संजय कुमार ने कहा कि किसी भी संदिग्ध या अवैधानिक गतिविधि के दिखने पर तत्काल डायल 112 पर कॉल करें। उन्होंने विशेष रूप से मादक पदार्थों और अवैध हथियारों की रोकथाम के लिए जनता से सहयोग मांगा और विश्वास दिलाया कि जानकारी देने वाले नागरिक का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।

​सुरक्षा के साथ-साथ पुलिस कमिश्नर ने वर्तमान समय की चुनौतियों, जैसे साइबर अपराध के प्रति भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी नागरिकों को यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और शहर की यातायात व्यवस्था सुगम बनी रहे। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button