
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कथित हत्या की साजिश से जुड़े मामले में बिहार पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार कर बड़ा खुलासा किया है। इस मामले का मुख्य आरोपी अमन तिवारी बताया जा रहा है, जिसने कथित तौर पर एक एजेंसी को ईमेल भेजकर पीएम की हत्या का प्रस्ताव रखा और इसके बदले मोटी रकम की मांग की थी। पुलिस के अनुसार, अमन तिवारी को बक्सर जिले के डुमरांव अनुमंडल के सिमरी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। खुफिया इनपुट के आधार पर उसके ईमेल की जानकारी मिलने के बाद कार्रवाई की गई। आरोपी ने साजिश को अंजाम देने के लिए 22 दिन का समय भी मांगा था।
पूछताछ के दौरान पुलिस ने उसके दो अन्य साथियों को भी हिरासत में लिया है। तीनों के मोबाइल, लैपटॉप और अन्य डिजिटल उपकरणों की जांच की जा रही है, साथ ही उनके संपर्कों को भी खंगाला जा रहा है। जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से रहा है। वह वर्ष 2022 में कोलकाता एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी देने के मामले में भी पकड़ा जा चुका है, लेकिन उस समय नाबालिग होने के कारण उसे राहत मिल गई थी।
फिलहाल जांच एजेंसियां इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही हैं। साइबर एंगल से भी पड़ताल जारी है और यह भी देखा जा रहा है कि कहीं इस साजिश के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क या अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन तो नहीं है। आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।






