जबलपुरमध्य प्रदेश

ग्वारीघाट रोड पर पाइप लाइन कार्य बना जानलेवा: सीमेंट से भरा ट्रक धंसा

प्रशासन की उदासीनता पर नाराजगी

जबलपुर,यशभारत। ग्वारीघाट रोड पर पाइप लाइन बिछाने का काम अब सीधे जनता के लिए खतरे का कारण बन गया है। रविवार की सुबह सीमेंट से भरा एक ट्रक अचानक सड़क में धंस गया, जिससे वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। यह मामला अकेला नहीं है। पिछले कुछ दिनों में इसी मार्ग पर तीन जगह ट्रक फंसने की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, निर्माण कार्य के कारण सड़क की चौड़ाई आधी से भी कम रह गई है। बड़े वाहन गुजरने में असमर्थ हैं और फंस जाने पर लंबी कतारें लग जाती हैं। बीते दिनों भीमनगर के पास, आदर्श नगर में राम मंदिर के पास और अब हीरा स्वीट्स के सामने ट्रक फंस गया। बावजूद इसके कोई चेतावनी बोर्ड, सुरक्षा बैरिकेड या शेड नहीं लगाए गए हैं, जिससे बाहर से आने वाले वाहन चालक सीधे इस संकरे और खतरनाक हिस्से में फंस जाते हैं।

नागरिकों ने प्रशासन की उदासीनता पर नाराजगी जताई है। उनका आरोप है कि तीन-तीन गंभीर घटनाएं हो जाने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी सिर्फ देख रहे हैं और किसी भी तरह की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं कर रहे। विशेषज्ञों के अनुसार, इस तरह की अनदेखी हादसों की संभावनाओं को बढ़ा रही है और लोगों की जान को सीधे खतरा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button