डेढ़ लाख का गबन कर चम्पत हुआ पेट्रोल पंप कर्मचारी -आरोपी के खिलाफ अमानत में खयानत का केस दर्ज

डेढ़ लाख का गबन कर चम्पत हुआ पेट्रोल पंप कर्मचारी
-आरोपी के खिलाफ अमानत में खयानत का केस दर्ज
भोपाल यशभारत।
बिलखिरिया थाना क्षेत्र में स्थित एक पेट्रोल पंप पर काम करने वाला युवक नाइट ड्यूटी के दौरान आए पेमेंट में से डेढ़ लाख रूपए लेकर चम्पत हो गया। पुलिस ने पेट्रोल पंप संचालक की शिकायत पर मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ अमानत में खयानत का केस दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ऑन लाइन गेम में पैसा हार गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
थाना प्रभारी उमेश सिंह चौहान ने बताया कि रेलवे कॉलोनी शाहपुरा निवासी राहुल शर्मा पुत्र सुरेन्द्र शर्मा(35) का बायपास रोड पर गौकुल फ्यूल सिर्विस नाम से पेट्रोल पंप है। उनके पंप पर ऊंची ललोई बैरसिया निवासी सूरज सिंह गुर्जर सेल्समैन की नौकरी करता था। उसकी इन दिनों नाइट ड्यूटी चल रही थी। गुरुवार-शुक्रवार की रात पंप पर डिजल और पेट्रोल लेने पहुंचे ग्राहकों से करीब डेढ़ लाख रूपए पेमेंट आया था। इसके बाद सेल्समैन सूरज ड्यूटी खत्म होने के बाद उक्त रकम को जमा करने के बजाए अपने साथ लेकर चम्पत हो गया। इस मामले में फरियादी ने लिखित शिकायत की थी। जिसकी जांच के बाद पुलिस ने आरोपी सूरज के खिलाफ अमानत में खयानत का केस दर्ज किया है। पुलिस ने शनिवार को आरोपी को हिरासत में ले लिया। जिसने पूछताछ के दौरान बताया है कि वह करीब 25 हजार रूपए ऑनलाइन गेम(जुआ) में हार चुका है। फिलहाल पुलिस आरोपी से शेष रकम के बारे में पूछताछ कर रही है। वहीं पेट्रोल पंप संचालक से भी घटना के दिन व रात का हिसाब मांगा है।







