पीपुल्स यूनिवर्सिटी को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप

पीपुल्स यूनिवर्सिटी को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप
भोपाल, यश भारत। शहर की पीपुल्स यूनिवर्सिटी को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सोमवार सुबह यूनिवर्सिटी प्रबंधन को एक संदिग्ध ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसमें परिसर में विस्फोटक रखने का दावा किया गया था। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंच गया।
पुलिस ने एहतियातन पूरे कैंपस को खाली कराना शुरू कर दिया। क्लासरूम, प्रशासनिक भवन, लाइब्रेरी, हॉस्टल और पार्किंग क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। सुरक्षा कारणों से मुख्य प्रवेश द्वार को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया और छात्रों व स्टाफ की आवाजाही पर रोक लगा दी गई।
थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य जुटाने के लिए साइबर सेल की मदद भी ली है। प्रारंभिक जांच में ई-मेल किसी फर्जी आईडी से भेजा जाना सामने आया है।
धमकी भरे संदेश में दोपहर के समय विस्फोट होने की बात कही गई थी और परिसर को खाली कराने की चेतावनी दी गई थी। हालांकि देर शाम तक तलाशी अभियान में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और एहतियात के तौर पर निगरानी बढ़ा दी गई है।







