
सिहोरा,यश भारत । सिहोरा थाना क्षेत्र के लमकना रोड स्थित आलासूर (सिमरिया) मोड़ के पास बुधवार सुबह ओवरलोड पिकअप वाहन हादसे का शिकार हो गया। धान रोपाई के लिए जा रहे करीब 40 मजदूरों से भरी पिकअप ट्रैक्टर को ओवरटेक करने के दौरान अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। हादसे में 23 मजदूर घायल हो गए, जबकि चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार बहोरीबंद क्षेत्र के चरागवां और कूड़ा अमाड़ी गांव के मजदूर लाहोद गांव धान की रोपाई करने जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पिकअप में क्षमता से कहीं अधिक मजदूर सवार थे। ओवरटेक के दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और पिकअप पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस और पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को शासकीय सिविल अस्पताल सिहोरा में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार अधिकांश घायलों को सामान्य चोटें आई हैं और सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।







