‘ऑपरेशन क्रिस्टल ब्रेक’ मेफेड्रोन मैन्युफैक्चरिंग के कारखाना में अवैध तरीके से लगाया गया था बिजली मीटर -कारखाना संचालक समेत एमपीईबी के ऑउट सोर्स कर्मचारियों पर एफआईआर दर्ज

‘ऑपरेशन क्रिस्टल ब्रेक’
मेफेड्रोन मैन्युफैक्चरिंग के कारखाना में अवैध तरीके से लगाया गया था बिजली मीटर
-कारखाना संचालक समेत एमपीईबी के ऑउट सोर्स कर्मचारियों पर एफआईआर दर्ज
भोपाल यशभारत।
राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने दो दिन पहले भोपाल के देहात इलाके में संचालित जिस मेफेड्रोन मैन्युफैक्चरिंग कारखाने (निर्माणाधीन मकान) पर छापा मारकर 92 करोड़ की 61.20 किलोग्राम मेफेड्रोन (तरल रूप में) बरामद कर जब्त की है, उस कारखाना में अवैध तरीके से बिजली मीटर लगा कर बिजली चोरी की जा रही थी। इस मामले में पुलिस ने कारखाना संचालक और एमपीईबी के ऑउट सोर्स कर्मचारियों के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत समेत विद्युत अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। डीआरआई ने इस कार्रवाई को ‘ऑपरेशन क्रिस्टल ब्रेक’ नाम दिया था। इस ऑपरेशन के तहत डीआरआई ने मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात और उत्तर प्रदेश में कई जगहों पर छापे मारे और इस गिरोह के सात प्रमुख लोगों को गिरफ्तार किया है।
डीआरआई ने ‘ऑपरेशन क्रिस्टल ब्रेक’ के तहत ग्राम जगदीशपुर (इस्लामनगर) एक मकान पर छापा मारा था। इस दौरान उक्त मकान में अवैध तरीके से दवाओं की मैन्युफैक्चरिंग इकाई संचालित की जा रही थी। डीआरआई टीम ने तलाशी में 61.20 किलोग्राम मेफेड्रोन (तरल रूप में) बरामद और जब्त किया गया। जिसकी अवैध बाजार में कीमत 92 करोड़ आंकी गई। इसके अतिरिक्त, 541.53 किलोग्राम कच्चा माल, जिसमें मेथिलीन डाइक्लोराइड, एसीटोन, मोनोमेथिलमाइन (एमएमए), हाइड्रोक्लोरिक एसिड (एचसीएल), और 2-ब्रोमो शामिल हैं, के साथ-साथ प्रसंस्करण उपकरणों का एक पूरा सेट भी जब्त किया गया थी।
अवैध तरीके से लगाया गया था बिजली मीटर:-
ईटखेड़ी थाना पुलिस के मुताबिक जगदीशपुर स्थित जिस मकान में मेफेड्रोन मैन्युफैक्चरिंग का कारखाना संचालित हो रहा था, उस मकान में आरोपी रज्जक खान पुत्र अब्दुल वहीद ने एमपीईबी के आउट सोर्स लाइन हेल्पर मनीष मीना और आउट सोर्स सब स्टेशन ऑपरेटर नीरज भारती के साथ मिलीभगत कर अवैध तरीके से नया बिजली मीटर लगवाया था। इस काम को बिना निरीक्षण और निर्धारित शुल्क जमा करने के साथ विभाग की अनुमति के बिना ही अंजाम दिया गया था। बिजली मीटर से बिजली चोरी की है, उक्त मीटर का विभाग के पास कोई रिकार्ड मौजूद नहीं है। इस मामले के उजागर होने के बाद पुलिस ने एमबीईबी के जेई राजेश यादव की शिकायत पर आरोपी रज्जक खान, लाइन हेल्पर मनीष सोनी और सब स्टेशन ऑपरेटर नीरज भारती के खिलाफ केस दर्ज किया है। फिलहाल उक्त कारखाना के संबंध में जानकारी जुटा कर मामले की जांच कर रही है।







