
एकतरफा प्यार बना मौत की वजह,24 घंटे में नर्स मर्डर का खुलासा
मौसेरे भाई ने मारी गोली
जबलपुर यशभारत। सागर जिले के शाहगढ़ में नर्स दीपशिखा चढ़ार की हत्या का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, हत्या दीपशिखा के मौसेरे भाई सुशील आठ्या ने की, जो उससे एकतरफा प्यार करता था और शादी से इनकार किए जाने से नाराज था।
आरोपी सुशील जबलपुर के पनागर का रहने वाला है और बेरोजगार है। वह वारदात से एक दिन पहले ही सागर पहुंच गया था और दीपशिखा की दिनचर्या की रेकी करता रहा। बुधवार रात ड्यूटी पर जाते समय अस्पताल गेट के पास उसने दीपशिखा को रोका, धक्का दिया और तीन गोलियां चलाईं। दो गोलियां पीठ से होते हुए दिल तक पहुंच गईं, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। दीपशिखा पिछले दो साल से शाहगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नर्स थी और अस्पताल के पास किराए के कमरे में रहती थी। दोनों ने नर्सिंग की पढ़ाई साथ की थी। पहले भी आरोपी की शिकायत पाटन थाने में की गई थी, जहां समझौता हुआ था।
घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने सागर–कानपुर हाईवे पर चक्काजाम किया। पुलिस की समझाइश के बाद जाम खुला। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें जबलपुर और आसपास के इलाकों में दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी जल्द ही गिरफ्त में होगा।







