कुख्यात बदमाश शिब्बू खान ने गोलियां व बम चलाकर इलाके में फैलाया आतंक
24 घंटे के भीतर फिर दहशत,CCTV में कैद वारदात

जबलपुर, यशभारत। कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए कुख्यात बदमाश शिब्बू खान ने अपने साथियों के साथ मिलकर 24 घंटे के भीतर ही एक बार फिर गंभीर वारदात को अंजाम दिया है। आरोप है कि बदमाशों ने खुलेआम गोलियां चलाईं और बम फेंककर इलाके में दहशत फैला दी। इस सनसनीखेज घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी अवैध हथियारों के साथ अपने साथियों सहित नजर आ रहा है।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पुलिस को चुनौती देते हुए मौके से फरार हो गया। वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुलिस आरोपी को पकड़ने में नाकाम रही है, जिससे अपराधियों के हौसले और बुलंद हो गए हैं।
क्षेत्रवासियों के अनुसार, कुख्यात बदमाश शिब्बू खान हत्या के एक मामले में जमानत पर रिहा हुआ है और तभी से इलाके में हफ्ता वसूली का आतंक कायम किए हुए है। आरोप है कि वह अवैध वसूली के लिए लोगों के साथ मारपीट करता है और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देता है। इसी के चलते वह बेखौफ होकर गोलियां चलाकर और बम फेंककर लोगों में डर पैदा कर रहा है।
स्थिति इतनी भयावह हो चुकी है कि लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो गया है। सुरक्षा के मद्देनज़र पुलिस बल की तैनाती भी की गई है, लेकिन इसके बावजूद अपराधी पुलिस को खुली चुनौती देते नजर आ रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन से तत्काल सख्त कार्रवाई और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है, ताकि इलाके में शांति और सुरक्षा बहाल हो सके।







