निशातपुरा हत्याकांड का खुलासा: तीसरी पत्नी की हत्या कर सेप्टिक टैंक में फेंकी थी लाश

निशातपुरा हत्याकांड का खुलासा: तीसरी पत्नी की हत्या कर सेप्टिक टैंक में फेंकी थी लाश
भोपाल,यशभारत। राजधानी के निशातपुरा थाना क्षेत्र के कमला नगर (छह घरा) में सेप्टिक टैंक के अंदर पेटी में मिली महिला की लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मृतिका की पहचान सिया के रूप में हुई है, जिसकी हत्या उसके ही पति ने की थी। चौंकाने वाली बात यह है कि मृतिका आरोपी की तीसरी पत्नी थी और दोनों की जान-पहचान इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी।
टैटू और जन्मतिथि बने अहम सुराग
शव पूरी तरह गल चुका था, लेकिन दाहिने हाथ पर गुदा दीप नाम और 26 मई 1992 की जन्मतिथि पुलिस के लिए संजीवनी साबित हुई। इन्हीं निशानों के आधार पर पुलिस ने कड़ियां जोड़ीं और मृतिका की पहचान सिया के रूप में की। मृतिका के नीले रंग के प्लाजो और शरीर के इन खास निशानों ने शिनाख्त की राह आसान कर दी।
हत्या के बाद दूसरी पत्नी को लेने पहुंचा जबलपुर
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बेहद शातिर है। सिया की हत्या करने और शव को लोहे की पेटी में बंद कर घर से महज 200 मीटर दूर सेप्टिक टैंक में फेंकने के बाद वह फरार हो गया। खुद को बचाने और घटना से ध्यान भटकाने के लिए वह अपनी दूसरी पत्नी को लेने जबलपुर चला गया था, ताकि किसी को उस पर शक न हो।
पूरा परिवार पुलिस की गिरफ्त में, 20 संदिग्ध रडार पर
पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मुख्य आरोपी के साथ-साथ उसके पूरे परिवार को गिरफ्तार कर लिया है। शक है कि पेटी को ठिकाने लगाने और साक्ष्य मिटाने में परिवार के अन्य सदस्यों ने भी मदद की थी। पुलिस ने इस मामले में लगभग 20 संदिग्धों को चिन्हित किया है जिनसे पूछताछ की जा रही है।
अब तक नहीं आया कोई परिचित
हैरानी की बात यह है कि हत्या का खुलासा होने और पहचान उजागर होने के बावजूद अब तक मृतिका सिया का कोई भी सगा-संबंधी या मायके पक्ष का व्यक्ति सामने नहीं आया है। पुलिस अब युवती के मूल निवास और उसके परिवार के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।
इनका कहना है…
आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए शव को पेटी में बंद कर टैंक में फेंका था। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से आरोपी को दबोच लिया गया है। हत्या के सही कारणों का पता लगाने के लिए पूछताछ जारी है।
मनोज पटवा, थाना प्रभारी, निशातपुरा







