जबलपुरमध्य प्रदेश

एक अप्रैल से नए सत्र की शुरुआत, ‘स्कूल चलें हम’ अभियान का होगा शुभारंभ

टीका लगाकर होगा बच्चों का स्वागत

जबलपुर, यशभारत। जबलपुर में 1 अप्रैल से नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत के साथ ही ‘स्कूल चलें हम’ अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। जिले के सभी शासकीय विद्यालयों में प्रवेशोत्सव उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं का टीका लगाकर स्वागत किया जाएगा तथा विशेष भोज की व्यवस्था भी रहेगी। 4 अप्रैल तक चलने वाले इस अभियान के दौरान सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि और विद्यालयों के पूर्व विद्यार्थी भी स्कूल पहुंचकर बच्चों से संवाद करेंगे। विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकें, साइकिलें और शासन की अन्य सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।

पालकों और बच्चों का होगा सम्मान

विद्यालयों में 85 प्रतिशत से अधिक उपस्थिति वाले विद्यार्थियों के पालकों को विशेष रूप से आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही जो बच्चे अब तक स्कूल से बाहर रहे हैं, उनका नामांकन सुनिश्चित कर अभिभावकों का स्वागत किया जाएगा। कक्षा 1 से 8 तक सभी विद्यालयों में बाल सभा का आयोजन भी किया जाएगा।

पालकों के लिए विशेष कार्यक्रम

विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिए गए हैं कि पालकों के साथ सांस्कृतिक और खेलकूद गतिविधियों का आयोजन किया जाए, ताकि उनका विद्यालय से जुड़ाव मजबूत हो। इस दौरान स्कूल स्टाफ द्वारा विद्यार्थियों को मिलने वाली शासकीय योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी भी दी जाएगी।

‘हार के आगे जीत है’ से पुनः प्रवेश पर जोर

वर्ष 2026 की परीक्षाओं में असफल रहे विद्यार्थियों के अभिभावकों को बुलाकर बच्चों के दोबारा प्रवेश के लिए प्रेरित किया जाएगा। उद्देश्य यह है कि किसी भी बच्चे की पढ़ाई बीच में न रुके। शाला प्रबंध समिति की बैठक कर शत-प्रतिशत नामांकन और नियमित उपस्थिति के लिए कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

जिला स्तरीय आयोजन के लिए 1 लाख का प्रावधान

जिला स्तर पर प्रवेशोत्सव कार्यक्रम के लिए अधिकतम 1 लाख रुपए की व्यय सीमा निर्धारित की गई है, जिससे आयोजन को प्रभावी रूप से संचालित किया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button