भोपालमध्य प्रदेश

एक्शन मोड में नए पुलिस कमिश्नर: माइक्रो बीट सिस्टम से कसेगा अपराध पर शिकंजा, खुद फील्ड में उतरेंगे बड़े अफसर

एक्शन मोड में नए पुलिस कमिश्नर: माइक्रो बीट सिस्टम से कसेगा अपराध पर शिकंजा, खुद फील्ड में उतरेंगे बड़े अफसर

भोपाल, यशभारत। राजधानी के नवागत पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने पदभार संभालते ही शहर की कानून-व्यवस्था और बिगड़ी ट्रैफिक व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए कमान कस ली है। पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बड़ी बैठक में कमिश्नर ने दो-टूक शब्दों में साफ कर दिया कि जनता से व्यवहार में शालीनता और अपराधियों पर कार्रवाई में सख्ती ही पुलिस की नई पहचान होगी।

ट्रैफिक सुधार के लिए बनाया मास्टर प्लान
भोपाल की सड़कों पर लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए कमिश्नर ने ग्राउंड जीरो फॉर्मूला अपनाया है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि ऑफिस और स्कूलों की छुट्टी के समय यानी पीक आवर्स के दौरान सभी थाना प्रभारी और राजपत्रित अधिकारी (एसीपी, डीसीपी ) केवल दफ्तरों में नहीं बैठेंगे, बल्कि खुद प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर मौजूद रहकर यातायात का संचालन कराएंगे। कमिश्नर खुद भी बाग सेवनिया जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों का दौरा कर सुधार का रोडमैप तैयार कर रहे हैं।

माइक्रो बीट सिस्टम पर जोर
शहर में हाल ही में हुई बड़ी वारदातों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कमिश्नर ने माइक्रो बीट सिस्टम को मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। जिसमें पुलिस कर्मी जनता के बीच जाकर सीधा संवाद करेंगे ताकि सूचना तंत्र मजबूत हो। संदिग्धों और पुराने अपराधियों की नियमित जांच और चेकिंग के सख्त आदेश दिए गए हैं। किसी भी अपराध की स्थिति में जांच और गिरफ्तारी के लिए समय सीमा निर्धारित करने को कहा गया है।

जनता के प्रति नरम, अपराधियों के प्रति गरम
बैठक के दौरान संजय कुमार ने स्पष्ट किया कि पुलिस का चेहरा मानवीय होना चाहिए। उन्होंने कहा, थाने आने वाले हर फरियादी के साथ सम्मानजनक व्यवहार हो। निष्पक्ष जांच हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है, लेकिन लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। महिला सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव के लिए उन्होंने विशेष जागरूकता अभियान चलाने की बात भी कही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button