NDA का संकल्प पत्र जारी, 1 करोड़ सरकारी नौकरी का वादा
कर्पूरी ठाकुर किसान सम्मान निधि

NDA का संकल्प पत्र जारी, 1 करोड़ सरकारी नौकरी का वादा
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का राजनीतिक पारा अब पूरी तरह चढ़ चुका है। इसी बीच NDA गठबंधन ने अपना संकल्प पत्र जारी कर दिया। मंच पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, एलजेपी (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान, हम प्रमुख जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा समेत गठबंधन के तमाम बड़े नेता मौजूद थे। एनडीए ने इस संकल्प पत्र को ‘विकसित बिहार का रोडमैप’ बताया है, जिसमें नीतीश कुमार के विजन को केंद्र में रखा गया है।
एनडीए के घोषणा पत्र में सबसे ऊपर 1 करोड़ सरकारी नौकरी और रोजगार है। नीतीश कुमार पहले ही यह वादा कर चुके हैं कि आने वाले पांच वर्षों में राज्य के युवाओं को रोजगार और सरकारी अवसरों की बाढ़ मिलेगी।

महिलाओं के लिए बड़ा एजेंडा
इसी दिशा में हर जिले में “मेगा स्किल सेंटर” बनाने की योजना शामिल की गई है, ताकि बिहार को ग्लोबल स्किलिंग हब के रूप में विकसित किया जा सके। महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ को विस्तार दिया गया है। इस योजना के तहत हर महिला को अपने पसंद के रोजगार के लिए 10,000 की प्रारंभिक सहायता और बाद में 2 लाख तक की अतिरिक्त मदद मिलेगी। इसके साथ 1 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी और महिला मिशन करोड़पति जैसे अभियानों की घोषणा की गई है
कर्पूरी ठाकुर किसान सम्मान निधि
किसानों को खुश करने के लिए एनडीए ने कर्पूरी ठाकुर किसान सम्मान निधि की घोषणा की है। इसके तहत किसानों को सालाना 9,000 की आर्थिक सहायता दी जाएगी। साथ ही एग्री-इंफ्रास्ट्रक्चर में 1 लाख करोड़ का निवेश करने का वादा किया गया है। प्रत्येक पंचायत स्तर पर प्रमुख फसलों – धान, गेहूं, मक्का और दलहन की एमएसपी पर खरीद की जाएगी। मत्स्य और दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित करने के लिए मत्स्य-दुग्ध मिशन और बिहार दुग्ध मिशन योजनाएं शुरू होंगी, जिनसे हर मत्स्यपालक को 9,050 का लाभ मिलेगा।
उद्योग और निवेश
राज्य में औद्योगिक क्रांति लाने का खाका भी इस संकल्प पत्र में साफ दिखाई देता है। हर जिले में फैक्ट्रियों की स्थापना, 10 नए औद्योगिक पार्क, और 1 लाख करोड़ के निवेश से विकसित बिहार औद्योगिक मिशन को शुरू करने का ऐलान किया गया है। डिफेंस कॉरिडोर और सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग यूनिट लगाने की बात भी इस दस्तावेज़ में दर्ज है। न्यू-ऐज इकोनॉमी यानी डिजिटल, टेक्नोलॉजी और सर्विस सेक्टर में 50 लाख करोड़ का निवेश आकर्षित करने का लक्ष्य रखा गया है।
इंफ्रास्ट्रक्चर पर बड़ा फोकस
संकल्प पत्र में नीतीश कुमार के सबसे पसंदीदा विषय इंफ्रास्ट्रक्चर को केंद्र में रखा गया है। इसमें 7 नए एक्सप्रेसवे, 3,600 किमी रेल ट्रैक का आधुनिकीकरण, अमृत भारत एक्सप्रेस और नमो रैपिड रेल सेवा का विस्तार करने की बात कही गई है। पटना के पास ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल एयरपोर्ट और दरभंगा, पूर्णिया व भागलपुर में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों के विकास का रोडमैप भी पेश किया गया है साथ ही चार नए शहरों में मेट्रो सेवा शुरू करने और न्यूपटना के रूप में एक ग्रीनफील्ड सिटी विकसित करने की घोषणा की गई है।







