कटनीजबलपुरमध्य प्रदेश

युवक की हत्या : विजयराघवगढ़ पुलिस के हाथ लगे अहम सुराग

 की गुत्थी सुलझाने के करीब पहुंची पुलिस

कटनी, यशभारत। विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बंजारी खजूरी मार्ग पर सतना जिले के ग्राम धनवाही निवासी रमाकांत पटेल की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस को कई महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस इन सुरागों के आधार पर आरोपियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। सूत्रों के मुताबिक पुलिस इस अंधे हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के करीब पहुंच गई है और जल्द ही इस वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी पुलिस गिरफ्त में होंगे।

गौरतलब है कि सतना जिले के बदेरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम धनवाही निवासी 23 वर्षीय रमाकांत पटेल कल मंगलवार की सुबह 10 बजे अपनी मोटरसाइकिल से विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम देवसरी इंदौर स्थित अपनी ससुराल जाने के लिए निकला था। ससुराल पहुंचने के पहले ही शाम लगभग 4 बजे रमाकांत पटेल की लाश बंजारी खजूरी मार्ग के बीच सडक़ किनारे खेत में पड़ी पाई गई। युवक की लाश मिलने से समूचे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

खेत में लाश पड़े होने की सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंची विजयराघवगढ़ पुलिस ने मौके की जांच करते हुए शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए विजयराघवगढ़ हॉस्पिटल भिजवा दिया। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के उपरांत हत्या कर लाश को खेत में फेंके जाने की आशंका व्यक्त की जा है। टीआई अनूप सिंह ठाकुर ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह पूरा मामला युवक की हत्या का है। अज्ञात आरोपियों द्वारा इस वारदात को अंजाम दिया गया है। बताया जाता है कि रमाकांत पटेल की लाश जिस जगह पाई गई, उससे लगभग 200 मीटर की दूरी पर उसकी बाइक सुरक्षित खड़ी मिली। मृतक के आंख में चोट के निशान भी पाए गए हैं। प्राथमिक जांच में यह मामला हत्या का प्रतीत होने के बाद पुलिस ने हर एंगिल से इस अंधे हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के प्रयास शुरू किए।

शादी के पहले से चले आ रहे रिश्ते को लेकर पत्नी से चल रही थी अनबन
सूत्रों ने बताया कि मृतक युवक का शादी के पहले से ही किसी लडक़ी के साथ रिश्ता था। उसकी शादी 1 मई 2023 को हुई थी। शादी के कुछ ही दिन बाद उसने अपनी पत्नी को पहले से चले आ रहे रिश्ते के बारे में बताया था, जिससे दोनों के बीच अनबन भी हुई थी। बताया जाता है कि शादी के 15 दिनों बाद मृतक की पत्नी अपने मायक में आ गई थी और काफी समय तक यहां रही। इसके बाद विवाह की कुछ रस्मों को लेकर वो अपने ससुराल कुछ दिन के लिए गई थी लेकिन इसके बाद वापस मायके आ गई थी और तभी से यहां पर रह रह थी। दोनों पति-पत्नी के बीच शादी के बाद रिश्तों में तनाव जैसी स्थिति चली आ रही थी। सूत्रों ने यह भी बताया कि मृतक युवक अपनी पत्नी को प्रताडि़त भी करता था।

इनका कहना है…..
युवक की हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है। कल पोस्टमार्टम नहीं हो पाया था, जिससे पीएम रिपोर्ट मिलने में देरी हुई है। मुखबिरों के जरिए घटना की तह तक जाने का प्रयास किया जा रहा है। मृतक के परिजनों से भी पूछताछ की गई है लेकिन उनके द्वारा सहयोग नहीं किया जा रहा था, जिससे घटना के कारणों का भी खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस इस मामले में गंभीरता से जांच कर रही है। जल्द ही इस अंधे हत्याकांडका खुलासा हो जाएगा।
-अनूप सिंह ठाकुर, टीआई विजयराघवगढ़

Related Articles

Back to top button