मध्य प्रदेशराज्य

MURDER : पत्थर से सिर कुचलकर युवक की बेरहमी से हत्या, पहचान छिपाने चेहरे को बिगाड़ा

Table of Contents

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ सागर के कैंट थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक युवक की पत्थर से सिर कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्यारों ने युवक की पहचान छिपाने की नीयत से उसके चेहरे को बुरी तरह क्षत-विक्षत कर दिया था। युवक का शव खेत में पड़ा मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है।

खेत में मिला लहूलुहान शव

जानकारी के अनुसार, मृतक का शव कैंट थाना क्षेत्र के एक खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। प्रथम दृष्टया यह मामला आपसी रंजिश या विवाद के बाद हत्या का प्रतीत हो रहा है। आरोपियों ने युवक पर भारी पत्थर से वार कर उसकी जान ली और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से उसके चेहरे को बिगाड़ने की कोशिश की ताकि उसकी शिनाख्त न हो सके। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर उतरे परिजन

हत्या की खबर फैलते ही मनोज के परिजन और भैंसा गांव के सैकड़ों ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। गुरुवार दोपहर को बड़ी संख्या में लोगों ने सागर-खुरई मार्ग पर भैंसा नाका के पास पहुंचकर चक्काजाम कर दिया। सड़क पर धरने पर बैठे परिजनों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग रखी। चक्काजाम के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप्प हो गया।

पुलिस की समझाइश और संदिग्धों से पूछताछ

स्थिति को बिगड़ता देख एडिशनल एसपी लोकेश कुमार सिन्हा के निर्देश पर सीएसपी ललित कश्यप व कैंट टीआई रोहित डोंगरे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। परिजनों ने पुलिस को कुछ संदिग्धों के नाम बताए हैं, जिनसे मृतक का पूर्व में विवाद चल रहा था। पुलिस अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच और जल्द ही मुख्य आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजने का ठोस आश्वासन दिया, जिसके बाद करीब एक घंटे तक चला चक्काजाम समाप्त हुआ। कैंट पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।

कैंट पुलिस की कार्रवाई: संदिग्ध हिरासत में

यश भारत के संभागीय ब्यूरो से चर्चा करते हुए कैंट थाना टीआई रोहित डोंगरे ने बताया कि पुलिस इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने के बेहद करीब है। उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए कुछ संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे सघन पूछताछ की जा रही है। जल्द ही इस पूरी वारदात का खुलासा कर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता की पहल

मृतक का पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। टीआई डोंगरे ने आगे बताया कि पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति और घटना की गंभीरता को देखते हुए शासन की ओर से नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाने के लिए प्रतिवेदन (रिपोर्ट) बनाकर वरिष्ठ कार्यालय भेज दिया गया है। पुलिस प्रशासन ने पीड़ित परिवार को निष्पक्ष जांच और त्वरित न्याय का भरोसा दिलाया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button