नगर निगम का अमला लेकर शिवमंदिर का जायजा

नगर निगम का अमला लेकर शिवमंदिर का जायजा
– मल्टी से निकलने वाले सीवेज से घिरा शिवमंदिर
– गंदगी और अव्यवस्था के बीच आस्था पर चोट
भोपाल यशभारत। ईदगाह हिल्स क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 10 में भगवान शिव का प्राचीन मंदिर आज बदहाल स्थिति में है। कुछ समय पहले तक भक्तजन यहां प्रतिदिन पूजा-अर्चना के लिए आते थे, लेकिन अब हालत यह है कि मंदिर के आसपास गंदगी फैली हुई है। जिसके चलते यहां श्रद्धालुओं ने आना ही छोड़ दिया है। बिना प्लानिंग के नगर निगम ने यहां लंबी चौड़ी मल्टी तान दी है। इस मल्टी से निकलने वाला सीवेज मंदिर के चारों ओर बह रहा है। इतना ही नहीं यहां बनी यज्ञ शाला भी गंदगी की चपेट में है। लोगों का कहना है कि मल्टीस्टोरी बिल्डिंग ही सबसे ज्यादा आस्था को गहरी चोट पहुंचा रही है। बुधवार ५ नवंबर के अंक में यश भारत ने खबर का प्रकाशन किया था। खबर के प्रकाशन के बाद नगर निगम का अमला हरकत में आया है। नगर निगम कमिश्रर संस्कृति ने मामले में संज्ञान लेते हुए कार्रवाई करने की बात कही है।
.jpeg)
स्थानीय लोगों ने बताया निगम की लापरवाही
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम और कॉलोनी डेवलपरों की लापरवाही के कारण मंदिर के पास की जमीन पर बिना किसी मास्टर प्लान या अनुमति के मल्टीस्टोरी इमारत खड़ी कर दी गई। इसके निर्माण के बाद न सिर्फ मंदिर की ओर जाने वाला मार्ग गायब हो गया बल्कि मंदिर के आसपास जगह ही नहीं बची। मल्टी से निकलने वाला कचरा भी यहीं फेंका जाने लगा।
.jpeg)
श्रद्धालुओं ने जताई नाराजगी
श्रद्धालुओं ने बताया कि जहां कभी भजन-कीर्तन की गूंज सुनाई देती थी, अब वहां चारों ओर गंदगी और दुर्गंध फैली है। मंदिर में पूजा करने आने वाले श्रद्धालु राजेश शर्मा ने कहा हमारी आस्था के केंद्र भगवान शिव का यह मंदिर प्रशासन की अनदेखी का शिकार हो गया है। बिना प्लानिंग के निर्माण कार्यों ने मंदिर को घेर लिया है। यह सिर्फ धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि सैकड़ों परिवारों की आस्था का प्रतीक है।
आस्था बनाम अव्यवस्था का टकराव
मंदिर के आस-पास बनी मल्टी के कारण न सिर्फ आस्था प्रभावित हो रही है, बल्कि पर्यावरणीय दृष्टि से भी खतरा पैदा हो गया है। गंदगी, जलभराव और सीमित वेंटिलेशन के चलते स्थानीय लोग स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहे हैं। यहां के निवासियों ने कई बार निगम से सफाई व्यवस्था सुधारने और मंदिर मार्ग पुनर्निर्माण की मांग की, लेकिन आज तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
स्थायी समाधान की मांग
नागरिकों का कहना है कि अब समय आ गया है जब प्रशासन को स्थायी समाधान निकालना चाहिए। मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण, गंदगी निस्तारण और वैकल्पिक मार्ग निर्माण की दिशा में ठोस योजना बनानी चाहिए। लोगों ने यह भी सुझाव दिया कि नगर निगम मंदिर के चारों ओर का क्षेत्र धार्मिक धरोहर क्षेत्र घोषित करे ताकि भविष्य में कोई भी अवैध निर्माण न हो सके।
साफ सफाई कराई जाएगी
वार्ड दस में स्थित शिव मंदिर को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है। मौके पर नगर निगम के अमले को भेजा जा रहा है। यहां पर गंदगी ना फैले इस बात का ध्यान में रखकर व्यवस्था बनाई जाएगी।
– संस्कृति जैन, कमिश्नर, नगर निगम भोपाल







