
मुंबई, यश भारत मुंबई प्रेस क्लब को 19 मार्च 2026 को उसके आधिकारिक ईमेल पर एक धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ। इस ईमेल की जानकारी 20 मार्च की सुबह सामने आई, जिसके बाद सचिव मयुरेश गणपत्ये ने तुरंत आजाद मैदान पुलिस थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई। इस संबंध में डीसीपी जोन-एक प्रवीण मुंडे को भी सूचित किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही आजाद मैदान पुलिस, साइबर सेल, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीमें प्रेस क्लब परिसर में पहुंचीं और पूरे इलाके की सघन तलाशी ली। इस दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
साइबर टीम ने आगे की जांच के लिए ईमेल की सामग्री और उसके स्रोत ईमेल आईडी से संबंधित जानकारी एकत्र कर ली है। मुंबई प्रेस क्लब ने इस दुर्भावनापूर्ण और चिंताजनक धमकी की कड़ी निंदा की है। तीन हजार से अधिक पत्रकारों की सदस्यता वाले मुंबई प्रेस क्लब ने स्पष्ट किया है कि वह ऐसी धमकियों से भयभीत नहीं होगा और अपने सिद्धांतों के प्रति प्रतिबद्ध रहेगा।






