
सारंगपुर पुलिस थाना से करीब 6 किलोमीटर दूर काचरिया पुरोहित गांव में डकैतों ने रात में घर में घुसकर बड़ी एवं गंभीर वारदात को अंजाम दिया। जिसमें लूट के इरादे से घर में घुसे बदमाशों ने घर में सो रहे बुजुर्ग दंपत्ति पर जान लेवा हमला कर दिया। इस हमले मेंें कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं गांव के पूर्व सरपंच बने सिंह पिता बापू सिंह उम्र 85 वर्ष की मौत हो गई एवं उनकी धर्मपत्नी लाडकुंवर बाई उम्र 82 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गई। जिन्हें प्रारंभिक उपचार के बाद बाम्बे अस्पताल इंदौर रेफर किया गया। मामले की जानकारी लगते ही पुलिस प्रशासन मुस्तैद नजर आया।
अल सुबह सारंगपुर थाना प्रभारी आशुतोष उपाध्याय अपनी टीम लेकर मौके पर पहुंचे एवं छानबीन शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए राजगढ़ जिला पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र कुमार सिंह, डीआईजी मोनिका शुल्का ने भी काचरिया पुरोहित पहुंचकर घटना स्थल पर मौके का खुद निरीक्षण किया। पुलिस टीम के अलावा मौके छानबीन के डॉग स्क्वाड, फॉरेंसिक टीम, क्राइम ब्रांच की स्पेशल टास्कफोर्स भी मौके पर जांच करने पहुंची।







