सिर किसी का धड़ किसी का,सांसद आलोक शर्मा बोले, छवि बिगाड़ने वालों का समय पूरा
भोपाल, यश भारत।

सिर किसी का धड़ किसी का,सांसद आलोक शर्मा बोले, छवि बिगाड़ने वालों का समय पूरा
भोपाल, यश भारत। राजधानी में बहुचर्चित ड्रग्स व ‘लव जिहाद’ आरोपों से घिरे मछली परिवार को लेकर चल रहे विवादों के बीच भोपाल सांसद आलोक शर्मा ने बड़ा दावा करते हुए कहा है कि उनकी छवि खराब करने के लिए एआई और फोटोशॉप के जरिए फेक वीडियो और तस्वीरें वायरल की जा रही हैं। सांसद ने कहा, “सत्य प्रताड़ित हो सकता है, लेकिन पराजित नहीं।”
सांसद ने बताया कि एक वीडियो में प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और हितानंद जी के साथ उनकी उपस्थिति को गलत तरीके से पेश किया गया। उन्होंने कहा कि शुरू में उन्होंने सौ नेताओं के नाम बताकर पार्टी की पदयात्रा का इतिहास प्रस्तुत किया था, लेकिन बाद में कई नाम हटा दिए गए और केवल एक नाम को फोकस कर छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई। सांसद ने स्पष्ट किया कि अब किसी जनप्रतिनिधि की छवि इस तरह से धूमिल नहीं हो सकती।
आलोक शर्मा ने कहा कि विधायक रामेश्वर शर्मा और मंत्री कृष्णा गौर ने इस प्रकार की फेक सामग्री के मामले पुलिस व संबंधित प्राधिकारीयों के समक्ष शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि शिकायतों की जांच के बाद फेक वीडियो बनाने वाले व अलग नाम लेकर सक्रिय लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। “किसी को बख्शा नहीं जाएगा,” सांसद ने कहा और जोर देकर कहा कि भोपाल की जनता उनके आचरण, व्यवहार और कार्यप्रणाली को अच्छे से जानती है।
सांसद ने यह भी दावा किया कि पिछले 48 वर्षों से उनकी जमीन पर काम चल रहा है और जनता ने उन्हें पार्षद व महापौर बनाकर विश्वास जताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों की तीन-चार सदस्यीय टीमें कम्प्यूटर व एआई के जरिए वीडियो बना कर गलत प्रचार कर रही हैं और उनके नाम भी सामने आ चुके हैं। सांसद ने पुलिस जांच की जल्दबाजी की मांग की और कहा कि सच उसकी परख में आएगा।







