ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार की मौत

ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार की मौत
भोपाल, यश भारत । राजधानी के परवलिया थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा सुबह करीब 10:30 बजे हुआ, जब तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद युवक गिर पड़ा और उसके सिर पर ट्रॉली का पहिया चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मनोज विश्वकर्मा (38) निवासी रतनपुर कॉलोनी, परवलिया रोड के रूप में हुई है। वह पेशे से प्लंबर था और गुरुवार सुबह काम पर जा रहा था। घटना उसके घर से करीब एक किलोमीटर दूरी पर मुख्य मार्ग पर हुई।
टक्कर के बाद ट्रैक्टर कच्चे रास्ते से नीचे उतरकर खेत में पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर चालक को भी चोट आई है, जबकि घटना के बाद वह मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए गांधी मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी भिजवाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है तथा फरार चालक की तलाश की जा रही है।







