भोपालमध्य प्रदेश

मुरैना: मावा व्यवसायी के घर डकैती का 6 दिन में खुलासा, 20 लाख का मशरूका जब्त

मुरैना: मावा व्यवसायी के घर डकैती का 6 दिन में खुलासा, 20 लाख का मशरूका जब्त

 भोपाल, यशभारत। मुरैना पुलिस ने थाना स्टेशन रोड क्षेत्र में एक मावा व्यवसायी के घर हुई डकैती की वारदात का 6 दिन में पर्दाफाश करते हुए एक अंतर्राज्यीय गिरोह के 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगदी, सोने-चांदी के आभूषण, एक कार और अवैध हथियार सहित लगभग ₹20 लाख का मशरूका जब्त किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 15 अक्टूबर को दोपहर करीब 01:15 बजे थाना स्टेशन रोड क्षेत्र के मुडियाखेड़ा बायपास, अम्बाह रोड निवासी मावा व्यवसायी नवल किशोर गुप्ता के घर में 05 अज्ञात बदमाशों ने हथियारों के दम पर घुसकर लगभग ₹12 लाख की नगदी और आभूषणों की लूट की थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस महानिरीक्षक चंबल जोन सचिन कुमार अतुलकर ने मौके का निरीक्षण कर पुलिस टीमों के गठन और आरोपियों पर ₹30-30 हजार का ईनाम घोषित करने के निर्देश दिए थे।

 6 दिन में ऐसे हुई गिरफ्तारी:

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी आसूचना और मुखबिरों की मदद से विभिन्न राज्यों में दबिश दी।

मुखबिर की सूचना पर इस डकैती में शामिल 5 आरोपियों को राजाखेड़ा, जिला धौलपुर (राजस्थान) से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में इन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर डकैती करना स्वीकार किया। इसके बाद 2 और आरोपियों को भी राजाखेड़ा से गिरफ्तार किया गया, जिससे कुल 07 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आए।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 05 तोला सोने के आभूषण, 750 ग्राम चांदी, ₹4,53,750 नगद, घटना में प्रयुक्त हुंडई औरा कार (कीमत लगभग ₹8 लाख), 315 बोर के 02 देशी कट्टे, 04 जिंदा राउंड एवं 05 मोबाइल फोन जब्त किए।

पुलिस ने बताया कि इस प्रकरण में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं और गिरफ्तार आरोपियों के अलावा शेष तीन अपराधियों की तलाश जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button