विधायक सबनानी ने नेहरू नगर में सीसी रोड निर्माण का किया शुभारंभ
भोपाल,यशभारत : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री और दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक भगवानदास सबनानी ने आज वार्ड 29, नेहरू नगर में एक नए सीसी (सीमेंट कंक्रीट) रोड के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस परियोजना को क्षेत्र के विकास और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
सड़क निर्माण के कार्यारंभ के अवसर पर विधायक सबनानी ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं, और भविष्य के लिए भी कई बड़ी योजनाएं तैयार की जा रही हैं। उन्होंने कहा, “हमारा एकमात्र लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि इन विकास कार्यों का लाभ हमारे विधानसभा क्षेत्र के हर नागरिक तक पहुंचे।”
उन्होंने मुख्यमंत्री की प्रशंसा करते हुए बताया कि उनके निर्देश पर सभी विकास कार्यों को समय-सीमा के भीतर ही पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है। सबनानी ने कहा, “क्षेत्र का विकास हो और नागरिक सुविधाओं का विस्तार हो, यही मेरा एकमात्र लक्ष्य है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए मुझे आप लोगों का निरंतर सहयोग चाहिए।”

जनसेवा और विकास ही सरकार की प्राथमिकता राज्यमंत्री कृष्णा गौर भोपाल यश भारत। पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार श्रीमती कृष्णा गौर ने बुधवार को गोविंदपुरा वार्ड क्रमांक 53 में लगभग 83 लाख रुपए की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनसेवा और क्षेत्र के समग्र विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने हरिवंश विहार में 35 लाख रुपए की लागत से बनने वाली सीसी सड़क, ओम नगर में 10 लाख रुपए की नाली निर्माण, शंकराचार्य नगर पार्क में लगभग 7 लाख रुपए की लागत से बाउंड्री वॉल एवं पेवर ब्लॉक कार्य का भूमिपूजन किया। इसके अलावा गणेश पार्क, संत आसाराम नगर में 10 लाख रुपए की लागत से पेवर ब्लॉक निर्माण, सागर रॉयल होम्स में 4 लाख रुपए की लागत से एक्यूप्रेशर थेरेपी टाइल्स तथा दीपक नगर में 8 लाख रुपए की लागत से बाउंड्री वॉल निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। उन्होंने पूर्वासा नगर स्थित संगरीला पार्क में लगभग 9 लाख रुपए की लागत से बाउंड्री वॉल निर्माण कार्य की भी सौगात दी। कार्यक्रम के दौरान राज्यमंत्री ने स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इस अवसर पर श्रीमती मोनिका ठाकुर, श्रीमती शीला पाटीदार, श्री प्रताप वारे, श्री जितेंद्र शुक्ला, श्री रामबाबू पाटीदार, श्री प्रताप सिंह बैंस, श्री किशोर पटेल, श्री धर्मेंद्र पाटीदार, श्री ओमप्रकाश चौरसिया सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे
April 2, 2026