गिरफ्तारी वारंट के बाद गुपचुप तरीके से कोर्ट पहुंचे विधायक पटवा, मीडिया को देख घबराए

गिरफ्तारी वारंट के बाद गुपचुप तरीके से कोर्ट पहुंचे विधायक पटवा, मीडिया को देख घबराए
भोपाल, यशभारत: विधायक सुरेंद्र पटवा एक बार फिर इंदौर की एमपी-एमएलए कोर्ट में पेश हुए, जबकि उन्हें कल 19 सितंबर को पेश होना था। इससे पहले, दो बार गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद वे बंसल अस्पताल में भर्ती हो गए थे और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर छुट्टी वाले दिन गुपचुप तरीके से जमानत ली थी।
पहला गिरफ्तारी वारंट 29 अगस्त को जारी हुआ था, जिसके बाद उन्हें 8 सितंबर को पेश होना था, लेकिन वे नहीं आए। इसके बाद 9 सितंबर को दूसरा वारंट जारी हुआ। गिरफ्तारी वारंट की खबर सोशल मीडिया पर चलने के बाद पटवा इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती हो गए।
तीन दिन तक अस्पताल में भर्ती रहने के बाद 12 सितंबर को उन्हें डिस्चार्ज किया गया। इसके बाद उन्होंने छुट्टी के दिन ही स्पेशल कोर्ट में जमानत के लिए आवेदन किया, जिसे मंजूर कर लिया गया। जमानत मिलने के बाद उनकी अगली पेशी 19 तारीख को तय की गई थी, लेकिन वह एक दिन पहले ही कोर्ट पहुंच गए।

सूत्रों के अनुसार, कोर्ट ने उन्हें फटकार लगाई, लेकिन उन्हें राहत भी मिली। विधायक पटवा सुबह 11 बजे से शाम 5:30 बजे तक कोर्ट में मौजूद रहे। जब मीडिया ने उन्हें अचानक देखा और सवाल पूछने चाहे, तो वह घबरा गए और सवालों से बचते नजर आए। उन्होंने केवल इतना कहा, “मेरी जानकारी में ऐसा कुछ नहीं है।”






