बदमाशों ने एटीएम में फेंके बम,पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी
तिलहरी स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्रा की घटना

जबलपुर। गोराबाज़ार थाना अंतर्गत तिलहरी मेन रोड स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्रा के एटीएम को अज्ञात बदमाशों ने बम से उड़ाने की कोशिश की। बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने के लिए एटीएम मशीन पर रस्सी बम रखकर उसमें आग लगाने का प्रयास किया। लेकिन बदमाश अपनी योजना में सफल नहीं हो पाए। बैंक प्रबंधन द्वारा वारदात की सूचना मिलते ही गोराबाज़ार पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
एडिशनल एसपी सुर्यकांत शर्मा ने बताया कि अज्ञात बदमाशों ने दीपावली के ठीक बाद रात के अंधेरे का फायदा उठाया। चोरों का इरादा संभवतः एटीएम मशीन को विस्फोट से उड़ाकर उसमें रखे कैश को चुराना था। बदमाशों ने बैंक ऑफ महाराष्ट्र के एटीएम को निशाना बनाते हुए मशीन पर रस्सी बम रखा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने मौके का मुआयना किया और बम के अवशेषों की जांच की। पुलिस ने एटीएम के अंदर और आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश में शुरू कर दी है।







