जबलपुरमध्य प्रदेश

ट्रैक किनारे खेल रहे बच्चों की शरारत: ट्रेन का शीशा चटका, कोई घायल नहीं

एलटीटी-बनारस एक्सप्रेस कोच के गेट से टकराया पत्थर

जबलपुर,यशभारत। जबलपुर-अधारताल रेलखंड पर मंगलवार दोपहर एक ट्रेन को निशाना बनाते हुए पत्थरबाजी की घटना सामने आई। एलटीटी-बनारस एक्सप्रेस के स्लीपर कोच एस-8 का गेट अचानक पत्थर लगने से चटक गया। गनीमत रही कि किसी यात्री को चोट नहीं आई। घटना करीब दोपहर 2.45 बजे आधारताल के पास हुई। यात्री अजीत यादव ने बताया कि यार्ड पार करते समय ट्रैक के बाई ओर खेल रहे बच्चों में से किसी ने पत्थर फेंका, जो सीधे कोच के गेट से टकराया।

सूचना मिलने पर आरपीएफ निरीक्षक अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में किमी संख्या 992/32-34 पर चार बच्चे रेलवे ट्रैक किनारे खेलते मिले। पूछताछ में बच्चों ने स्वीकार किया कि खेलते समय पत्थर गलती से पटरी की ओर चला गया, तभी ट्रेन वहां से गुजर रही थी। आरपीएफ ने बच्चों के परिजनों को मौके पर बुलाकर सख्त चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी गलती दोहराने पर रेल अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। बाद में बच्चों को उनके अभिभावकों के सुपुर्द कर दिया गया।

स्थानीय लोग बताते हैं कि यह इलाका आबादी से घिरा लो-लाइन क्षेत्र है। यहां न तो फेंसिंग है और न ही सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। विभाग को कई बार सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए पत्राचार किया गया, लेकिन अभी तक ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं, जिससे इस तरह की घटनाओं का खतरा बना रहता है।

आरपीएफ पोस्ट प्रभारी राजीव खरब ने कहा, “ट्रेन में पत्थरबाजी की सूचना मिली थी। जांच में पता चला कि यह खेल-खेल में हुई गलती थी। कोई घायल नहीं है। बच्चों के अभिभावकों को बुलाकर उन्हें समझाईश दी गई है।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button