जबलपुरमध्य प्रदेश

न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट, ठंड का असर बरकरार

आज से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, बादल छाने और तापमान बढ़ने की भी संभावना

जबलपुर यश भारत।शहर में ठंड का असर कायम है। स्थानीय मौसम कार्यालय के अनुसार शुक्रवार सुबह न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम रहा। तापमान में आई इस हल्की गिरावट के चलते सुबह के समय सर्द हवा का प्रभाव अधिक महसूस हुआ। इससे एक दिन पूर्व गुरुवार को अधिकतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। यानी 24 घंटे के भीतर न्यूनतम तापमान में करीब डेढ़ डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। वर्तमान में हवाओं का रुख उत्तर-पूर्वी बना हुआ है, जो पहाड़ी क्षेत्रों से ठंडी हवा लाने में मदद कर रहा है और इससे रात व सुबह की सर्दी बनी हुई है।

उधर, आज 5 दिसंबर से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह सिस्टम कितना प्रभाव डालेगा, यह आने वाले 24 से 48 घंटों में साफ होगा। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से पर्वतीय क्षेत्रों में बादल, बारिश या बर्फबारी की स्थिति बन सकती है, जिसका असर मैदानी इलाकों के तापमान पर भी दिखाई दे सकता है।

स्थानीय मौसम कार्यालय प्रभारी ने बताया कि इस सिस्टम के चलते बादल छाने और तापमान में कुछ बढ़ोतरी की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। यदि बादल अधिक सक्रिय हुए, तो न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी संभव है, जबकि अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट देखी जा सकती है। फिलहाल शहर में सुबह-शाम सर्दी का असर यथावत बना हुआ है। नागरिकों को सलाह दी गई है कि ठंडी हवाओं से बचाव हेतु आवश्यक सावधानियाँ बरतें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button