देश

मिडिल ईस्ट युद्ध का असर: देश में LPG संकट की आहट, सिलेंडर न मिलने से मुंबई-बेंगलुरु में होटल-रेस्टोरेंट्स बंद

कई शहरों में कमर्शियल सिलेंडर सप्लाई रुकी

नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में छिड़े युद्ध के बीच भारत में एलपीजी गैस की सप्लाई को लेकर चिंता बढ़ गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक तेल कंपनियों के पास सीमित स्टॉक बचने के कारण पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में 19 किलो के कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई प्रभावित हुई है। बताया जा रहा है कि कुछ जगहों पर एजेंसियों ने अस्थायी रूप से सप्लाई रोक दी है।

स्थिति को देखते हुए मुंबई और बेंगलुरु में होटल-रेस्टोरेंट संचालकों ने एहतियात के तौर पर करीब 10 प्रतिशत प्रतिष्ठान बंद रखने का फैसला लिया है। इससे बाहर रहकर पढ़ाई या नौकरी करने वाले लोगों और छात्रों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि वे भोजन के लिए अक्सर होटलों और रेस्टोरेंट पर निर्भर रहते हैं।

महाराष्ट्र के पुणे में एलपीजी आधारित 18 शवदाह गृहों को भी अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा है। नगर निगम के अनुसार गैस सप्लाई बाधित होने के कारण यह निर्णय लिया गया है, हालांकि इलेक्ट्रिक शवदाह गृह सामान्य रूप से संचालित हो रहे हैं।

होटल उद्योग से जुड़े संगठनों ने भी सरकार से जल्द समाधान की मांग की है। इंडिया होटल्स एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन (AHAR) के अध्यक्ष विजय शेट्टी ने चेतावनी दी है कि यदि गैस की कमी बनी रही तो आने वाले दिनों में देशभर के होटल और रेस्टोरेंट प्रभावित हो सकते हैं।

इधर नेशनल रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) ने भी केंद्र सरकार से हस्तक्षेप की अपील की है। एसोसिएशन का कहना है कि यदि सप्लाई में कोई संकट नहीं है तो कई शहरों में कमर्शियल गैस की डिलीवरी क्यों रोकी गई है।

गैस संकट की आशंका के बीच पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने तेल कंपनियों को एलपीजी उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही बाहर से आयातित गैस की सप्लाई प्राथमिकता के आधार पर अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को देने का फैसला किया गया है। होटल और अन्य उद्योगों के लिए स्थिति की समीक्षा हेतु एक समिति गठित की गई है।

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर और वाराणसी में भी 19 किलोग्राम कमर्शियल सिलेंडर की डिलीवरी प्रभावित होने की खबर है, जबकि घरेलू सिलेंडर की सप्लाई में भी 20 से 25 प्रतिशत तक कटौती बताई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button