भोपालमध्य प्रदेश

गौहरगंज दुष्कर्म मामले पर भीषण आक्रोश, आरोपी सलमान की तलाश जारी

गौहरगंज दुष्कर्म मामले पर भीषण आक्रोश, आरोपी सलमान की तलाश जारी
भोपाल, यशभारत। राजधानी से लगे रायसेन जिले के गौहरगंज में 6 साल की मासूम बच्ची के साथ हुए जघन्य दुष्कर्म के मामले को लेकर मध्य प्रदेश में आक्रोश का माहौल है। घटना के पांच दिन बाद भी आरोपी सलमान को पुलिस द्वारा गिरफ्तार न किए जाने पर स्थानीय लोगों, परिजनों और प्रदेश भर के प्रदर्शनकारियों का गुस्सा भड़क उठा है। बुधवार को गौहरगंज में हुए विशाल प्रदर्शन के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई और पुलिस को लाठीचार्ज तथा आंसू गैस के गोले दागने पड़े।
दरिंदगी की दास्तान: टॉफी देकर जंगल ले गया आरोपी
बच्ची की नानी ने घटना की भयावहता बताते हुए कहा कि आरोपी सलमान गांव के क्रशर पर काम करता था और बच्ची को रोज टॉफी देता था। 21 नवंबर की रात जब बच्ची पड़ोस में टमाटर देने गई, तभी सलमान ने उसका मुंह दबाकर अपहरण किया और जंगल में ले जाकर दुष्कर्म किया।
नानी का दर्द: “दरिंदे को सिर्फ एनकाउंटर की सजा मिले। उसे सरेआम सबके सामने गोली मार दो। तभी मुझे चैन मिलेगा…” नानी ने रोते हुए कहा और प्रदर्शन स्थल पर मासूम के खून से सने कपड़े भी दिखाए।
प्रदर्शनकारियों की मांग: बीच चौराहे पर फांसी या एनकाउंटर
परिजन और प्रदर्शनकारी एकमत से आरोपी सलमान के लिए फांसी की सजा या तत्काल एनकाउंटर की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पुलिस 5 दिन बाद भी दरिंदे को पकड़ नहीं पाई है। गौहरगंज से शुरू हुआ प्रदर्शन अब भोपाल, नर्मदापुरम, बैतूल, सीहोर, विदिशा, कटनी और रायसेन समेत कई जिलों तक फैल गया है। बुधवार को प्रदर्शनकारियों ने पुलिस को चेतावनी दी कि यदि 5 दिन के भीतर आरोपी को नहीं पकड़ा गया, तो आंदोलन और उग्र होगा।
गौहरगंज में तनाव: पथराव और लाठीचार्ज
बुधवार को गौहरगंज में हजारों की संख्या में लोगों के जुटने के बाद तनाव बढ़ गया। प्रदर्शन के बाद हुई झड़प में पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा, जिसके जवाब में पथराव किया गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े।
पुलिस बल तैनात, तलाश तेज
कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए गौहरगंज को छावनी में बदल दिया गया है। 6 जिलों भोपाल, रायसेन, विदिशा, सीहोर, बैतूल और नर्मदापुरम के 500 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात हैं। वही डीआईजी, एसपी, 8 डीएसपी और 10 से अधिक इंस्पेक्टर मौके पर मौजूद हैं। पुलिस की कई टीमें जंगलों सहित विभिन्न ठिकानों पर आरोपी सलमान की सरगर्मी से तलाश कर रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button