खमरिया फेक्टरी में भीषण आग, 5 से ज्यादा कर्मचारी घायल

जबलपुर, यशभारत।
केंद्रीय सुरक्षा संस्थान ऑर्डिनेंस फैक्ट्री खमरिया में गुरुवार दोपहर अचानक फीलिंग सेक्शन में आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि काम कर रहे 6क कर्मचारी झुलसकर गंभीर घायल हो गए।आग फैक्ट्री के एफ-6 सेक्शन की बिल्डिंग नंबर 637 में लगी। आग देख फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
आग से झुलसे कर्मचारी करन आर्या ने बताया कि दोपहर में साथियों के साथ काम कर रहा था। कुछ साथी बिल्डिंग के भीतर थे। अचानक भीतर से धुआं निकलते देखा। जब तक कुछ समझ पाता, आग भभक गई। सभी लोग यहां-वहां भागने लगे। दो साथी तो जलते हुए बाहर भागे। उस समय ऐसा लग रहा था जैसे पूरा सेक्शन आग के हवाले हो गया हो।
बताया जा रहा है कि जिस वक्त यह हादसा हुआ वहां बम निर्माण का कार्य हो रहा था। हादसे में गंभीर रुप से झुलसे कर्मचारी सुरेश सोनी को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घायल कर्मचारियों में नंद किशोर, करन व अन्य हैं।