विवाहिता ने फांसी लगाईः पति, और उसकी दो गर्लफ्रेंड समेत ससुराल वालों पर प्रताड़ना का आरोप

विवाहिता ने फांसी लगाईः पति, और उसकी दो गर्लफ्रेंड समेत ससुराल वालों पर प्रताड़ना का आरोप
भोपाल यशभारत : अयोध्या नगर इलाके में 35 वर्षीय किरण मीणा ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह एमए की छात्रा थीं। मौके से पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें किरण ने अपनी मौत के लिए अपने पति, ससुराल के लोगों और उसकी दो गर्लफ्रेंड को जिम्मेदार ठहराया है।
सुसाइड नोट और उनके परिजनों के बयान के अनुसार, किरण की शादी आयुर्वेदिक डॉक्टर संजय देशवानी से 14 साल पहले हुई थी। शादी के इतने साल बाद भी उन्हें कोई संतान नहीं थी, जिसकी वजह से ससुराल वाले उन्हें लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। किरण ने अपने सुसाइड नोट में लिखा है कि उसके पति की फैमिली दूसरी शादी कराना चाहती थी।
तलाक के नोटिस से थी परेशान
किरण के पिता कुंजीलाल ने बताया कि उनके दामाद ने पिछले दिनों उनकी बेटी को तलाक का नोटिस भेजा था, जिससे वह डिप्रेशन में चली गई थीं। इस मामले की अगली सुनवाई अगले महीने कोर्ट में होनी थी। इससे पहले ही किरण ने यह कदम उठा लिया।
किरण के सुसाइड नोट में पति संजय देशवानी, भाई दुर्गा प्रसाद देशवाली, मां कल्लो बाई, बहनें मथुरा, लता, ममता, और पति की दो गर्लफ्रेंड का जिक्र है, जिन्हें उन्होंने अपनी मौत का जिम्मेदार बताया है।
पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों के आधार पर पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई करेगी।
पति लापता, परिवार ने दर्ज कराई गुमशुदगी की रिपोर्ट
किरण के पिता ने यह भी बताया कि 11 सितंबर से दामाद संजय देशवानी लापता हैं। उन्होंने इसकी शिकायत अयोध्या नगर थाने में दर्ज कराई है। गुरुवार को पोस्टमॉर्टम के बाद किरण का शव उनके मायके वालों को सौंप दिया गया, जबकि ससुराल पक्ष का कोई भी सदस्य हमीदिया अस्पताल की मर्चुरी में मौजूद नहीं था।
शराब के नशे में धुत युवक ने फांसी लगाई-
अशोका गार्डन के एसआई आरडी यादव ने बताया कि कैलाश नगर सेमरा निवासी रामराज लोधी पुत्र करोड़ी लोधी(28) मजदूरी करता था और शराब पीने का आदी था। पिछले दिनों उसने शराब की लत के चलते अपनी पत्नी के जेवरात बेच कर पैसा खर्च दिए थे। इस बात को लेकर उसका पत्नी से विवाद भी हुआ था, इस कारण वह अपने गांव चला गया। जहां से मंगलवार को वापस लौटा था। कल दोपहर जब पत्नी मंदिर गई थी, तभी उसने अपने घर में पंखे से रस्सी का फंदा बांधकर फांसी लगा ली। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
करंट से मजदूरी की मौत-
इधर, कोलार थाना पुलिस ने बातया कि ईश्वर नगर शाहपुरा निवासी अमर पुत्र सीताराम(42) मजदूरी करता था। गत 14 सितंबर को वह एक मकान में काम कर रहा था। तभी उसे करंट लग गया। हादसे के बाद उसने हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां पर उपचार के दौरान कल उसकी मौत हो गई। पुलिस मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की जांच कर रही है।







