अमरकंटक रोड पर बड़ा हादसा: नाले के तेज बहाव में कार समेत 4 लोग बहे, एक महिला का शव मिला

अनूपपुर, – अनूपपुर जिला मुख्यालय से लगभग 10 किलोमीटर दूर, अमरकंटक रोड स्थित सजहा नाले में आज एक दर्दनाक हादसा हो गया। एक स्विफ्ट डिजायर कार में सवार चार लोग, जिनमें एक मासूम बच्चा भी शामिल था, पानी के तेज बहाव में बह गए। इस भीषण घटना में पुलिस ने अभी तक एक महिला का शव बरामद कर लिया है, जबकि अन्य तीन लोगों और वाहन की तलाश जारी है। घटना के बाद पूरा प्रशासन मौके पर मौजूद है और लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
अमरकंटक से लौटते समय हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, यह सभी लोग आज रविवार को अमरकंटक घूमने गए हुए थे और घर लौट रहे थे। रात करीब 9 बजे जब वे सजहा नाले के पास पहुंचे, तो अचानक आई बाढ़ के कारण सड़क पर जाम की स्थिति बनी हुई थी। इसी दौरान, एक बस के पीछे चल रही स्विफ्ट डिजायर कार (MP65C1047) जिसमें 38 वर्षीय चंद्रशेखर यादव, जिला अस्पताल में स्टाफ नर्स 37 वर्षीय प्रीति यादव, और उनके दो बच्चे – 8 वर्षीय रेयांश और 2 वर्षीय मासूम सीबी यादव सवार थे, अनियंत्रित होकर पानी के तेज बहाव में बह गई।
पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें लगातार सर्चिंग में जुटीं
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एनडीआरएफ (राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल) की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। उप पुलिस अधीक्षक इसरार मंसूरी ने बताया कि प्रीति यादव का शव बकान नदी में मिला है, जिसे बरामद कर लिया गया है। पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें सजहा नाले के बहाव क्षेत्र में और नदी में लगातार सर्चिंग कर रही हैं ताकि शेष तीन लोगों और कार का पता लगाया जा सके। अभी तक वाहन का भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है।इस दुखद घटना ने क्षेत्र में शोक का माहौल बना दिया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे भारी बारिश और नदियों में बढ़े हुए जलस्तर के कारण सावधानी बरतें और ऐसे जोखिम भरे रास्तों पर यात्रा करने से बचें।







