मैहर – पकरिया की करोड़ों की चोरी के शातिर जबलपुर में ट्रेस, ग्वारीघाट का झंडा चौक बना पुलिस का हॉटस्पॉट, संयुक्त सर्च ऑपरेशन तेज

जबलपुर। मैहर जिले के पकरिया गांव में सोमवार दोपहर हुई लाखों रुपये की आभूषण चोरी के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। वारदात को अंजाम देने वाले शातिर गिरोह की अंतिम लोकेशन जबलपुर के ग्वारीघाट स्थित झंडा चौक क्षेत्र में मिली है। इनपुट मिलते ही पकरिया और जबलपुर पुलिस ने संयुक्त रूप से इलाके में घेराबंदी कर सघन सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। संदिग्धों की तलाश में सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय कर दिया गया है।
पलक झपकते पार हुआ सोना-चांदी से भरा बैग
जानकारी के अनुसार, पकरिया गांव में ज्वेलरी दुकान संचालक सोमवार दोपहर दुकान के बाहर हैंडपंप से पानी भर रहा था। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे। हेलमेट पहने एक आरोपी दुकान के भीतर घुसा और काउंटर के पास रखा बैग उठाकर फरार हो गया। बैग में करीब 350 ग्राम सोना और 10 किलो चांदी रखी थी, जिसकी कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। पूरी वारदात कुछ ही मिनटों में अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए।
रेकी के बाद रची साजिश, दिनचर्या की थी पूरी जानकारी
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने वारदात से पहले कई दिनों तक दुकान और संचालक की गतिविधियों की रेकी की थी। उन्हें इस बात की सटीक जानकारी थी कि किस समय दुकान पर भीड़ कम रहती है और संचालक कब बाहर जाता है। सुनियोजित तरीके से की गई इस चोरी ने पुलिस को भी चौंका दिया है।
तकनीकी साक्ष्यों से मिला सुराग, जबलपुर में तलाश तेज
तकनीकी जांच और मोबाइल लोकेशन ट्रेसिंग के आधार पर पुलिस को आरोपियों की अंतिम लोकेशन जबलपुर के ग्वारीघाट क्षेत्र में झंडा चौक के आसपास मिली है। इसके बाद दोनों जिलों की पुलिस ने संयुक्त रणनीति बनाकर क्षेत्र में दबिश देना शुरू कर दिया है। संभावित ठिकानों, लॉज और संदिग्ध स्थानों की जांच की जा रही है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, जल्द खुलासे की उम्मीद
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटाई जा रही है। संदिग्धों की पहचान के लिए तकनीकी टीम काम कर रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।
फिलहाल ग्वारीघाट का झंडा चौक पुलिस की नजर में हॉटस्पॉट बना हुआ है और इलाके में सघन जांच जारी है।







