कटनीजबलपुरमध्य प्रदेश

शिवराज के सामने महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं के निकले आंसू…

भीड़ ने लव यू मामा...कहकर जताया पूर्व मुख्यमंत्री के प्रति स्नेह

WhatsApp Icon
Join Yashbharat App

अल्प प्रवास पर कटनी आये पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा. कार्यकर्ता की भूमिका में रहूंगा

कटनी, यशभारत। अपनी नई भूमिका को लेकर इन दिनों चर्चाओं के केंद्र में बने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अमरकंटक से भोपाल जाते समय मुड़वारा स्टेशन पर पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। सहज और मिलनसार नेता की अपनी चिर परिचित शैली में लोगों के बीच जैसे शिवराज पहुंचे, लोगों ने गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया। जिंदाबाद के स्वरों के बीच कार्यकर्ताओं नेजब मामा लव यू…कहकर उनके प्रति स्नेह प्रदर्शित किया तो बदले में शिवराज सिंह ने भी लव यू टू..कहकर अपने चाहने वालों को सीधे कनेक्ट किया। रेलवे स्टेशन पर इस दौरान मौजूद महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं के पूर्व मुख्यमंत्री को सत्ता से हटने के बाद सामने पाकर भावावेश में आंसू निकल आये। इस पर शिवराज सिंह ने लाडली बहनों के सिर पर हाथ रखकर कहा कि प्रदेश की बहनों के साथ भाई का उनका रिश्ता जीवन पर्यंत यथावत रहेगा।

 

उल्लेखनीय है कि शिवराज सिंह चौहान भले ही इस बार प्रदेश के मुख्यमंत्री नहीं बनाए गए हो, लेकिन उनके स्वागत के लिए पहुंची भीड़ से यह सहज ही अंदाज लगाया जा सकता है कि शिवराज सिंह चौहान की लोकप्रियता में कोई कमी नहीं आई। वे पत्नी साधना सिंह के साथ अमरकंटक के प्रवास पर थे। वहां से अनूपपुर, शहडोल, उमरिया होते हुए रात्रि लगभग साढ़े 10 बजे कटनी पहुंचे शिवराज सिंह ने विलम्ब की वजह से मुड़वारा रेलवे स्टेशन पर ही सीधे पहुंचकर भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। पहले सर्किट हाउस पहुंचकर कार्यकर्ताओं से भेंट का कार्यक्रम रखा गया था, लेकिन रास्ते में विलम्ब की वजह से वे सीधे स्टेशन ही पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कटनी की जनता को धन्यवाद देते हुए कहा कि भाजपा को भारी जनसमर्थन मिला, जिससे चारों विधानसभा सीट में भाजपा को भारी बहुमत से जीत मिली है। इस मौके पर उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री मोहन यादव, उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल और जगदीश देवड़ा के नेतृत्व में प्रदेश विकास के पथ पर अग्रसर होते हुए नई ऊंचाइयों को छुएगा।

 

इसके बाद पूर्व सीएम शिवराज सिंह रेवांचल एक्सप्रेस से भोपाल के लिए रवाना हो गए। हालांकि इस दौरान उन्होंने खुद की भूमिका पर कहा कि उनकी भूमिका एक कार्यकर्ता की रहेगी। दरअसल, विधानसभा चुनाव के बाद पूर्व सीएम शिवराज सिंह का यह पहला अल्प प्रवास था, जिसमें जिले के भाजपा जिलाध्यक्ष सहित तमाम बड़े नेता उनके स्वागत करने कटनी मुड़वारा स्टेशन पहुंचे थे। भले ही वह इस बार प्रदेश के मुख्यमंत्री न बनाये गए हो, लेकिन उनके स्वागत के लिए पहुंची भीड़ से यह सहज ही अंदाज लगाया जा सकता है कि शिवराज सिंह चौहान की लोकप्रियता में कोई कमी नहीं आई है। दरअसल, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने शासनकाल के दौरान कई जनकल्याणकारी योजनाओं की शुरुआत की थी। लाड़ली लक्ष्मी योजना और लाडली बहना योजना बहुत ही ज्यादा लोकप्रिय योजनाएं हैं। इन योजनाओं की वजह से शिवराज सिंह चौहान की पहचान प्रदेश में मामा और भाई की बन गई है। माना जाता है कि इस बार मध्य प्रदेश में भाजपा की जीत में लाडली बहना योजना का भी बड़ा योगदान रहा है।

Related Articles

Back to top button
Notifications Powered By Aplu