मध्यप्रदेश बनेगा हरित ऊर्जा का हब : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
कचरे से कंचन – कम्प्रेस्ड बायो गैस प्लांट्स से ऊर्जा उत्पादन का नया अध्याय

मध्यप्रदेश बनेगा हरित ऊर्जा का हब : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
कचरे से कंचन – कम्प्रेस्ड बायो गैस प्लांट्स से ऊर्जा उत्पादन का नया अध्याय
भोपाल, 12 नवम्बर 2025। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हरित ऊर्जा आज की जरूरत है और मध्यप्रदेश को हरित ऊर्जा का हब बनाया जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री निवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रिलायंस ग्रीन एनर्जी कंपनी के भोपाल, इंदौर और सतना में बने तीन कम्प्रेस्ड बायो गैस (सीबीजी) प्लांट्स का वर्चुअल उद्घाटन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये अत्याधुनिक प्लांट कचरे को ऊर्जा में बदलने का उत्कृष्ट उदाहरण हैं। इससे पराली जलाने जैसी घटनाएं कम होंगी और पर्यावरण संरक्षण को बल मिलेगा। उन्होंने बताया कि इन तीनों संयंत्रों का भूमिपूजन वर्ष 2023-24 में किया गया था और अब लोकार्पण किया गया है। रिलायंस द्वारा प्रदेश में कुल छह संयंत्रों में लगभग 700 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है।
भोपाल के आदमपुर छावनी में बने सीबीजी प्लांट को “वेस्ट टू वेल्थ” और “एनर्जी फ्रॉम वेस्ट” विज़न का प्रतीक बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना स्वच्छ ऊर्जा, हरित विकास और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के नए युग की शुरुआत है। 20 एकड़ में बने इस प्लांट की लागत 130 करोड़ रुपये है और इससे प्रतिदिन 22.5 टन बायो गैस का उत्पादन होगा।
प्लांट में प्रतिदिन 260 टन कृषि अवशेष जैसे पराली और नेपियर घास का उपयोग होगा। इससे तैयार गैस बायो-सीएनजी के रूप में वाहनों, घरेलू और औद्योगिक उपयोग में लाई जाएगी, जिससे लगभग 2000 वाहनों को ईंधन मिल सकेगा। इसके संचालन से 250 से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा।
कम्प्रेस्ड बायो गैस संयंत्र अत्याधुनिक एनेरोबिक डाइजेशन टेक्नोलॉजी” पर आधारित हैं और प्रदूषण नियंत्रण मानकों की व्हाइट कैटेगरी में आते हैं। इससे प्रतिदिन 90 टन जैविक खाद तैयार होगी, जो किसानों को प्राकृतिक उर्वरक के रूप में उपलब्ध कराई जाएगी। इससे मिट्टी की उर्वरता बढ़ेगी और रासायनिक खादों पर निर्भरता घटेगी।
रिलायंस इंडस्ट्रीज़ द्वारा जबलपुर, बालाघाट और सीहोर में भी सीबीजी संयंत्र निर्माणाधीन हैं। आने वाले वर्षों में कम्पनी द्वारा प्रदेश में 500 ऐसे संयंत्र लगाने की योजना है, जिससे हरित ऊर्जा के साथ रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
वर्चुअल कार्यक्रम में मुख्य सचिव अनुराग जैन, अपर मुख्य सचिवगण अशोक वर्णवाल, नीरज मंडलोई, मनु श्रीवास्तव, प्रमुख सचिव राघवेन्द्र कुमार सिंह, सचिव मुख्यमंत्री आलोक सिंह, आयुक्त जनसम्पर्क दीपक कुमार सक्सेना एवं रिलायंस कंपनी के पदाधिकारी उपस्थित थे।







