भोपालमध्य प्रदेश

एमपी में मौसम का यू-टर्न’: दिन में चुभती धूप, रात में अभी भी ठिठुरन; 2 मार्च से फिर बदलेगा मिजाज

एमपी में मौसम का यू-टर्न’: दिन में चुभती धूप, रात में अभी भी ठिठुरन; 2 मार्च से फिर बदलेगा मिजाज

भोपाल, यशभारत। मध्य प्रदेश में फरवरी के जाते-जाते मौसम ने अपनी चाल बदल ली है। पिछले दिनों हुई आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का दौर थमते ही अब प्रदेश के कई हिस्सों में अप्रैल जैसी तपिश का अहसास होने लगा है। आलम यह है कि प्रदेश के 30 से ज्यादा जिलों में दिन का पारा 30 डिग्री सेल्सियस के पार निकल गया है, जबकि खंडवा और खरगोन में यह 35.2 डिग्री तक जा पहुँचा है।
दिन और रात के तापमान में भारी अंतर
हैरानी की बात यह है कि जहाँ दिन में सूरज के तेवर तीखे हैं, वहीं रातों में अभी भी गुलाबी ठंड बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, कटनी के करौंदी में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री और शहडोल के कल्याणपुर में 9.4 डिग्री दर्ज किया गया। राजधानी भोपाल में जहाँ दिन का तापमान 32 डिग्री रहा, वहीं रात में पारा 15 डिग्री पर टिका है। धार में रातें सबसे गर्म रहीं, जहाँ न्यूनतम तापमान 17.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
फरवरी में चार बार बदला रंग
इस साल फरवरी का महीना किसानों और आम जनता के लिए काफी अनिश्चित भरा रहा। पूरे महीने में चार बार मौसम ने करवट ली। दो बार ओले और बारिश से फसलों को नुकसान हुआ।18 फरवरी के बाद फिर से प्रदेश भीगा। 23-24 फरवरी को साइक्लोनिक सर्कुलेशन के चलते 20 जिलों में आंधी-तूफान का असर दिखा।
2 मार्च से फिर सक्रिय होगा नया सिस्टम
मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि गर्मी का यह दौर ज्यादा लंबा नहीं चलेगा। 2 मार्च से एक नया ‘वेस्टर्न डिस्टरबेंस’ (पश्चिमी विक्षोभ) सक्रिय होने जा रहा है। इसका असर प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में देखने को मिलेगा, जिससे बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना है। शुक्रवार तक मौसम साफ रहने और धूप तेज होने का अनुमान है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button