कोलार का बोझ होगा कम; कजलीखेड़ा में बनेगा नया पुलिस थाना

कोलार का बोझ होगा कम; कजलीखेड़ा में बनेगा नया पुलिस थाना
भोपाल, यशभारत। राजधानी के नगरीय क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए जल्द ही एक नया थाना अस्तित्व में आने वाला है। कोलार के ग्रामीण क्षेत्र में स्थित कजलीखेड़ा पुलिस चौकी का उन्नयन कर उसे थाने में तब्दील करने की तैयारी पूरी हो चुकी है। पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने रविवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कोलार थाने का औचक निरीक्षण किया और कजलीखेड़ा थाने को एक-दो दिन के भीतर व्यवस्थित कर शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
क्यों पड़ी नए थाने की जरूरत
वर्तमान में कोलार थाना क्षेत्र क्षेत्रफल की दृष्टि से काफी बड़ा है। शहरी आबादी के साथ-साथ इसमें बड़ा ग्रामीण इलाका भी शामिल है, जिससे पुलिस पर काम का बोझ अत्यधिक रहता है। पुलिस आयुक्त संजय कुमार के अनुसार, ग्रामीण क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण और पुलिस की त्वरित मौजूदगी सुनिश्चित करने के लिए कजलीखेड़ा थाने का संचालन अनिवार्य हो गया है।
चौकी प्रभारी ही संभालेंगे फिलहाल कमान
कजलीखेड़ा पहले पुलिस सहायता केंद्र था, जिसे बाद में चौकी बनाया गया था। वर्तमान में यहाँ उप निरीक्षक केशांत शर्मा पदस्थ हैं। नए आदेश के तहत फिलहाल उन्हें ही थाने की कमान सौंपी गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, औपचारिकताएं पूरी होते ही फरवरी के अंत तक थाना पूर्ण रूप से काम करना शुरू कर देगा। भविष्य में पुलिस लाइन से स्थायी थाना प्रभारी की नियुक्ति की जा सकती है।
इन 13 पुलिसकर्मियों की हुई तैनाती पुलिस कमिश्नर ने कोलार थाने से अलग कर कुल 13 पुलिसकर्मियों की सूची जारी की है, जो नए थाने का हिस्सा होंगे
प्रभारी: एसआई केशांत शर्मा
एएसआई: रूपेश नर्रे और संतोष कुमार
प्रधान आरक्षक: देवकीनंदन, संतोष यादव, रंजीत और महेश परमार
आरक्षक: रविन्द्र तोमर, रविन्द्र मालवीय, राजेश जाटव, प्रदीप यदुवंशी, जितेंद्र गुर्जर और महिला आरक्षक राधिका।
इनका कहना है
कोलार क्षेत्र बड़ा होने के कारण व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही थीं। कजलीखेड़ा थाने के शुरू होने से ग्रामीणों को शिकायतों के लिए दूर नहीं जाना होगा और पुलिस की रिस्पॉन्स टाइम में भी सुधार आएगा।
संजय कुमार, पुलिस आयुक्त, भोपाल







