भोपालमध्य प्रदेश

कमला नगर पुलिस ने नीलाम किए 80 कंडम वाहन, ₹5.20 लाख में हुई अंतिम बोली

कमला नगर पुलिस ने नीलाम किए 80 कंडम वाहन, ₹5.20 लाख में हुई अंतिम बोली

भोपाल, यश भारत। राजधानी के थाना कमला नगर परिसर में लंबे समय से खड़े लावारिस और पुलिस एक्ट के तहत जब्त किए गए 80 कंडम वाहनों की नीलामी गुरुवार को संपन्न हुई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रक्रिया में कबाड़ खाना क्षेत्र के एक खरीदार ने सबसे ऊंची बोली लगाकर इन वाहनों को अपने नाम किया।

वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हुई प्रक्रिया

​पुलिस उपायुक्त (जोन-01) श्रीमती रश्मि अग्रवाल दुबे और सहायक पुलिस आयुक्त (टी.टी. नगर) श्रीमती अंकिता खातरकर के कुशल निर्देशन में यह नीलामी आयोजित की गई। इस दौरान कमला नगर, रातीबड़ और टी.टी. नगर के थाना प्रभारी सहित पुलिस समिति के सदस्य मौजूद रहे। पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई गई।

12 खरीदारों के बीच रही कड़ी प्रतिस्पर्धा

​नीलामी में हिस्सा लेने के लिए कुल 12 खरीदारों ने शिरकत की, जिन्हें पर्ची क्रमांक 1 से 14 तक आवंटित किए गए थे (पर्ची क्रमांक 4 और 6 रिक्त रहे)। इन 80 वाहनों का शुरुआती सरकारी मूल्य 1,15,200 रुपये निर्धारित किया गया था। बोली की शुरुआत 1.17 लाख रुपये से हुई, जिसमें मोहम्मद मंसूर, सगीर उद्दीन, अब्दुल शाहिद और सलमान जैसे कई खरीदारों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

शाहिद जहूर ने जीती नीलामी

​कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद अंततः हनुमानगंज स्थित न्यू कबाड़ खाना निवासी शाहिद पिता जहूर अहमद (55 वर्ष) ने 5 लाख 20 हजार रुपये की अधिकतम बोली लगाई। समिति ने इस बोली को स्वीकार करते हुए नीलामी प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया।

राजस्व विभाग में जमा होगी राशि

​नियमों के अनुसार, नीलामी से प्राप्त इस राशि को पृथक से सरकारी खजाने (राजस्व विभाग) में जमा कराया जाएगा। नीलामी में शामिल अन्य खरीदारों की 15-15 हजार रुपये की अमानत राशि प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद वापस कर दी गई। फिलहाल वाहन थाना परिसर में ही सुरक्षित खड़े हैं, जिन्हें शेष राशि के भुगतान के बाद खरीदार को सुपुर्द कर दिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button