कारोबारी दंपत्ति के मकान से लाखों के जेवरात और नगदी चोरी -अज्ञात बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम

कारोबारी दंपत्ति के मकान से लाखों के जेवरात और नगदी चोरी
-अज्ञात बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम
भोपाल यशभारत।
चूना भट्टी इलाके में रहने वाले बुजुर्ग कारोबारी दंपत्ति के सूने मकान का ताला तोडक़र चोरी की वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात चोर अलमारी से सोने-चांदी के जेवरात व नगदी समेत लाखों का माल चुरा कर ले गए। वारदात के वक्त दंपत्ति अपने कारोबार को संभालने के लिए मंडीदीप गए थे। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों का सुराग जुटाना शुरू कर दिया है।
थाना प्रभारी धर्मेन्द्र मोर्य ने बताया कि कृष्णा हाउसिंग सोसायटी चूना भट्टी निवासी उर्मिला जैन(65) और उनके पति रमेश जैन कारोबारी हैं। उनकी मंडीदीप में ज्वेलरी शॉप और प्लाइवुड का काम है। रोजाना की तरह मंगलवार सुबह दंपत्ति मंडीदीप गए थे। जहां से रात करीब आठ बजे लौटे। तब उन्होंने देखा कि मकान के मेन गेट का ताला टूटा है और अंदर बेडरूम में रखी आलमारी का सामान बिखरा पड़ा है। चेक करने पर पता चला कि अज्ञात चोर अलमारी में रखे लाखों के जेवरात और नगदी चुराकर अपने साथ ले गए। मंडीदीप जाने से पहले जैन दंपत्ति अलमारी की चाबी घर पर ही भूल गए थे। वारदात का पता चलने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर उर्मिला जैन की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस कॉलोनी और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपियों का सुराग मिलेगा और वह सलाखों के पीछे होंगे। पुलिस की अलग-अलग टीमें संदिग्धों से भी पूछताछ कर रही है।







