Jabalpur accident. फुहारे के पास फैला करंट, नाबालिग की तड़पकर दर्दनाक मौत

बच्चे को बचाने के प्रयास में खुद झुलसे परिजन करंट में
पिसनहारी मढ़िया के पास दिनदहाड़े दर्दनाक हादसा
जबलपुर,यशभारत। पिसनहारी मढ़िया स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा के पास शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे उस वक्त हड़कंप मच गया जब करीब 14 साल का लड़का वहां मौजूद फुहारे के पास अचानक आए करंट से बुरी तरह झुलस गया जिसे तड़पते देख परिजनों व आसपास के लोगों ने किसी तरह उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन रोहित उर्फ अर्जुन केवट नामक नाबालिग लड़के की लोग जान नहीं बचा पाए और कुछ ही देर में बच्चे ने दम तोड़ दिया। पूरी घटना से क्षेत्र में घंटों गहमा-गहमी रही। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने लाश को पंचनामा कार्रवाई के बाद पीएम के लिए अस्पताल भिजवाया और प्रकरण की जांच शुरू की। फुहारे के पास करंट कैसे फैला ये अभी जांच का विषय है। जानकारी के अनुसार बच्चा खेलते खेलते हादसे का शिकार हुआ है।

इस संबंध में परिजनों ने यशभारत को बताया कि पिसनहारी मढ़िया के पास मौजूद नेताजी सुभाषचंद्रजी की प्रतिमा के नीचे वह फुलेहरा और अन्य सामान की दुकान लगाए हुए थे। यहां गोला के अंदर मौजूद फुहारे में पानी के बीच अचानक करंट आ गया। जिसकी चपेट में उनका बच्चा आकर मृत हो गया। परिजनों की माने तो बच्चे को उन्होनें बचाने का बहुत प्रयास किया जिस दौरान उन्हें भी करंट लग गया लेकिन वे अपने बेटे को नहीं बचा पाए।

स्कूल से आया था दुकान
जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर को स्कूल से घर आने के बाद रोहित उर्फ अर्जुन केवट नामक नाबालिग लड़का पिसहनहारी मढिया स्थित अपने पिता की दुकान में पहुंचा था जहां वह फुहारे के पास खेल रहा था तभी अचानक आए करंट से वह दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया।
००००००००००००








