76वें गणतंत्र दिवस के जश्न में डूबा भारत, 10:30 बजे कर्तव्य पथ पर शुरू होगी परेड
![76वें गणतंत्र दिवस के जश्न में डूबा भारत, 10:30 बजे कर्तव्य पथ पर शुरू होगी परेड 1 Add a heading 2025 01 25T223649.938](https://yashbharat.co.in/wp-content/uploads/2025/01/Add-a-heading-2025-01-25T223649.938.jpg)
देश आज 76वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। इस मौके पर आज कर्तव्य पथ पर भारत अपनी ताकत का प्रदर्शन करेगा। इस समारोह में इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हो रहे हैं। परेड की शुरुआत सुबह 10.30 बजे के करीब होगी। लगभग 90 मिनट तक चलेगी। समारोह की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर जाने से होगी। यहां वह देश के वीरों को पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो ‘पारंपरिक बग्गी’ में सवार होकर कर्तव्य पथ पर पहुंचेंगे।
कांग्रेस कार्यालय में फहराया गया राष्ट्रीय ध्वज
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर कांग्रेस कार्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार मौजूद रहे।
: दीया कुमारी ने कहा- अच्छे नागरिक का कर्तव्य निभाएं
राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा, ‘संविधान पर हम सभी को गर्व है। जिस तरह से प्रधानमंत्री मोदी विकसित भारत के निर्माण की ओर बढ़ रहे हैं, उसमें हमारा योगदान भी बराबर का है। मैं सभी से अनुरोध करूंगी कि अपनी जिम्मेदारी निभाएं। एक अच्छे नागरिक का कर्तव्य निभाएं। सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं।’
लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ हों, बोले शिवराज सिंह
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, ‘सभी को गणतंत्र दिवस की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। भारत लोकतंत्र की जननी है, अनादिकाल से यहां गणराज्य रहे हैं और गणतंत्र, जनतंत्र का उदय हुआ है। जब संविधान निर्माताओं ने संविधान बनाया था तब उनकी कल्पना यह थी कि 5 साल में एक बार चुनाव होंगे और लोकसभा व विधानसभा चुनाव एक साथ ही होते थे लेकिन बाद में परिस्थितियां ऐसी बनी कि चुनाव अलग-अलग होने लगे। आज स्थिति यह है कि हर 6 महीने में चुनाव हो ही जाते हैं इसलिए अब जरूरत है कि देश में लोकसभा व विधानसभा के चुनाव एक साथ हों।’
‘समृद्ध भारत बनाने की दिशा में प्रयास’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट में कहा, ‘गणतंत्र दिवस की ढेरों शुभकामनाएं! आज हम अपने गौरवशाली गणतंत्र की 75वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। इस अवसर पर हम उन सभी महान विभूतियों को नमन करते हैं, जिन्होंने हमारा संविधान बनाकर यह सुनिश्चित किया कि हमारी विकास यात्रा लोकतंत्र, गरिमा और एकता पर आधारित हो। यह राष्ट्रीय उत्सव हमारे संविधान के मूल्यों को संरक्षित करने के साथ ही एक सशक्त और समृद्ध भारत बनाने की दिशा में हमारे प्रयासों को और मजबूत करे, यही कामना है।’
पीएम मोदी ने गणतंत्र दिवस की शुभकामना दी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कामना की कि यह राष्ट्रीय उत्सव संविधान के मूल्यों को संरक्षित करने के साथ ही एक सशक्त व समृद्ध भारत बनाने की दिशा में जारी प्रयासों को और मजबूत करे। भारत आज 76वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नेतृत्व में नई दिल्ली में कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह का आयोजन हो रहा है।
: गणतंत्र दिवस परेड, दिल्ली में आज इन रास्तों से रहें दूर
: गणतंत्र दिवस 2025 समारोह के लिए दिल्ली और उसके आसपास यातायात प्रतिबंध लगाने के साथ ही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। दिल्ली पुलिस ने कर्तव्य पथ पर भव्य परेड के सुचारू संचालन के लिए प्रतिबंधों की जानकारी देते हुए एक डिटेल एडवाइजरी सलाह जारी की है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के अनुसार, शनिवार रात 9 बजे से ही उपाय लागू कर दिए गए हैं।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर दिल्ली में कड़ी सुरक्षा
76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। लगभग हर कोने पर सुरक्षाबल तैनात हैं और हर एक गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है। इस बीच, गणतंत्र दिवस समारोह के लिए कर्तव्य पथ पर तैयारियां चल रही हैं।
2 अमेरिका ने भारत को दी गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं
संयुक्त राज्य अमेरिका ने भारत को गणतंत्र दिवस की बधाई दी और इस अवसर पर कहा कि वाशिंगटन नई दिल्ली के साथ खड़ा है। अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने एक बयान में कहा कि भारत-अमेरिका संबंध नए शिखर को छू रहे हैं और यह 21वीं सदी का परिभाषित संबंध बनने जा रहा है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच सहयोग लगातार मजबूत हो रहा है और आने वाले समय में यह संबंध वैश्विक राजनीति और सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
90 मिनट तक चलेगी परेड, प्रबोवो सुबियांटो चीफ गेस्ट
गणतंत्र दिवस परेड की शुरुआत सुबह 10.30 बजे के करीब होगी। लगभग 90 मिनट तक चलेगी। समारोह की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर जाने से होगी। यहां वह देश के वीरों को पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो ‘पारंपरिक बग्गी’ में सवार होकर कर्तव्य पथ पर पहुंचेंगे। यह प्रथा 40 वर्षों के अंतराल के बाद 2024 में फिर से शुरू की गयी थी। राष्ट्रपति के अंगरक्षक, भारतीय सेना की सबसे वरिष्ठ रेजिमेंट द्वारा उन्हें सुरक्षा प्रदान की जायेगी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू फहराएंगीं तिरंगा, कर्तव्य पथ से दुनिया देखेगी भारत की ताकत
76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जगह-जगह तैयारियां हो चुकी हैं। आज तिरंग फहराया जाएगा। दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगी। इसके बाद कर्तव्य पथ पर परेड निकाली जाएगी, जिसमें राष्ट्र की ताकत के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन किया जाएगा। परेड को ध्यान में रखते हुए दिल्ली में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। जगह-जगह पर पुलिस द्वारा वाहनों की चेकिंग की जा रही है।